दुर्ग

कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल को भावभीनी विदाई, शिरीष सेलट संभालेंगे दुर्ग क्षेत्र की कमान…

दुर्ग – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल को उनके स्थानांतरण पर आयोजित एक गरिमामयी समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। श्री खंडेलवाल को अब रायपुर मुख्यालय में कार्यपालक निदेशक (संचारण-संधारण) के महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ किया गया है, जहाँ से वे पूरे प्रदेश की विद्युत वितरण व्यवस्था के संचालन का दायित्व संभालेंगे। दुर्ग क्षेत्र में श्री खंडेलवाल के स्थान पर अब शिरीष सेलट नए कार्यपालक निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 26 दिसंबर 2024 से अब तक के उनके कार्यकाल को अविस्मरणीय बताया। वक्ताओं ने कहा कि श्री खंडेलवाल न केवल एक कुशल नेतृत्वकर्ता हैं, बल्कि बहुत ही बुद्धिमान, सज्जन और सकारात्मक सोच रखने वाले व्यक्ति भी हैं, जो बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान सहजता से कर लेते हैं। उनके कार्यकाल में कार्यालय में एक शांत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा, जो भविष्य में भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

अपने विदाई संबोधन में श्री खंडेलवाल ने कहा कि कार्य को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से करना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ प्रदेश की जनता और कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रितु खंडेलवाल को देते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार जताया। साथ ही, उन्होंने उपस्थित सभी सहकर्मियों से आग्रह किया कि वे नवपदस्थ कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट को भी दुर्ग क्षेत्र के विकास हेतु अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेषक श्री खंडेलवाल की पत्नी श्रीमती रितु खंडेलवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस. मनोज, इसीजीआरएफ के अध्यक्ष पी.वी.सजीव, अधीक्षण अभियंता तरुण कुमार ठाकुर, डीजीएम एच आर संतोश साहू एवं कार्यपालन अभियंता श्रीमती अनसुईया ठाकुर सहित कार्यलय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन वरिश्ठ कल्याण अधिकारी डी.के.डूम्भरे एवं आभार प्रदर्षन स्टॉफ ऑफिसर बी.एस.राजपूत द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button