जनता के बीच पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, रोज सुबह करेंगे भेंट-मुलाकात; मौके पर सुनीं समस्याएं…
सामुदायिक भवन से लेकर राशन कार्ड, पेयजल, सड़क और बिजली तक की मांगें लेकर पहुंचे लोग, अधिकारियों से चर्चा कर निराकरण के दिए निर्देश

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए रोज सुबह भेंट-मुलाकात की पहल शुरू की है। इस माध्यम से वे प्रतिदिन आम लोगों के बीच उपलब्ध रहकर उनकी समस्याएं, जरूरतें और मांगें सुनेंगे। विधायक पहले भी नियमित रूप से क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते रहे हैं, लेकिन अब रोज सुबह जनता से सीधे संवाद का सिलसिला जारी रहेगा।

विधायक निवास पर उमड़ी लोगों की भीड़
आज सुबह विधायक निवास पर आयोजित भेंट-मुलाकात में विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएं विधायक के सामने रखीं।

किसी ने अपने समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग की, तो किसी ने राशन कार्ड बनवाने और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आग्रह किया। इसके अलावा पेयजल, सड़क, नाली, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया गया।
मौके पर अधिकारियों से की चर्चा, निराकरण के दिए निर्देश
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक पहल करते हुए मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा की और समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहना और उनकी जरूरतों को समझना उनकी जिम्मेदारी है।
छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें
विधायक ने कहा कि कई बार छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। वे चाहते हैं कि क्षेत्र के लोग सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रखें, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए समय पर आवश्यक पहल की जा सके।
जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद
विधायक देवेंद्र यादव की रोज सुबह होने वाली यह भेंट-मुलाकात जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। इसके माध्यम से क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याएं सीधे विधायक तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए पहल कराने का अवसर मिलेगा।

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




