आईआईटी भिलाई में भारतीय बौद्धिक विरासत पर अंतरराष्ट्रीय मंथन, भारत-दक्षिण कोरिया के विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा…
समाज, संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन, सिरपुर के ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल का भी करेंगे शैक्षणिक भ्रमण

भिलाई। विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के अवसर पर भारतीय बौद्धिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर आईआईटी भिलाई में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 19 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन का विषय ‘भारत की बौद्धिक परंपराएं: समाज, संस्कृति और विरासत’ रखा गया है। इसमें भारत और दक्षिण कोरिया के पुरातत्वविद्, इतिहासकार, वास्तुकार, संग्रहालय विशेषज्ञ और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का संयुक्त आयोजन आईआईटी भिलाई के संस्कृति, भाषा एवं परंपरा अध्ययन केंद्र, छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय तथा सियोल नेशनल यूनिवर्सिटी एशिया सेंटर के दक्षिण एशियाई अध्ययन केंद्र द्वारा किया जा रहा है।
भारतीय ज्ञान परंपराओं के संरक्षण पर होगा विचार-विमर्श
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत की समृद्ध बौद्धिक परंपराओं के विकास, उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रभाव तथा संरक्षण के विभिन्न पहलुओं को समझना है। इसमें पुस्तकों, मंदिरों, ऐतिहासिक भवनों, हस्तशिल्प और दैनिक जीवन से जुड़ी परंपराओं के माध्यम से भारतीय विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने के विषय पर चर्चा की जा रही है।
शिक्षा के साथ समाज और संस्कृति की समझ भी जरूरी : प्रो. राजीव प्रकाश
सम्मेलन में अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश ने कहा कि शिक्षा तभी पूर्ण होती है, जब विद्यार्थियों को समाज की अच्छी समझ हो। उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक इतिहास और आम लोगों के वास्तविक जीवन के अनुभवों को समझने में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञानों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
उन्होंने कहा कि संस्कृति और विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। ये हमें न केवल अतीत को समझने में मदद करती हैं, बल्कि वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता को पहचानने का अवसर भी देती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन भारत की विविधतापूर्ण बौद्धिक परंपराओं को समझने के नए रास्ते खोलेगा।
वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना भारत की पहचान : डॉ. एस. भारतीदासन
छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति तथा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि भारत की बौद्धिक विरासत हमेशा से समृद्ध, समावेशी और विभिन्न विचारधाराओं को अपनाने वाली रही है। वसुधैव कुटुम्बकम् अर्थात पूरा विश्व एक परिवार है, का सिद्धांत वैश्विक सहयोग और खुले विचार-विमर्श के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय और आईआईटी भिलाई के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित होने वाली पहली पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों संस्थान भविष्य में भी मिलकर कार्य करेंगे तथा प्राचीन भारतीय विरासत को आधुनिक वैज्ञानिक विकास से जोड़ने की दिशा में प्रयास जारी रखेंगे।
भारत-दक्षिण कोरिया के शैक्षणिक संबंधों को मिलेगी मजबूती
सियोल नेशनल यूनिवर्सिटी एशिया सेंटर के सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज की वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. अदिति सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन समाज, संस्कृति और विरासत को एक-दूसरे से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ियों के रूप में समझने की नई सोच को बढ़ावा देता है। उन्होंने इसे भारत और दक्षिण कोरिया के बीच शैक्षणिक सहयोग तथा आपसी संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
इतिहासकार और संरक्षण वास्तुकार होंगे मुख्य वक्ता
सम्मेलन में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति एवं प्रसिद्ध इतिहासकार प्रो. एल.एस. निगम तथा दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की संरक्षण वास्तुकार एवं विजिटिंग फैकल्टी सुश्री अनीशा शेखर मुखर्जी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
इसके साथ ही विरासत संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की जा रही है।
इस चर्चा में छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व एवं संस्कृति संचालनालय के पूर्व संयुक्त संचालक राहुल कुमार सिंह, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के पूर्व क्यूरेटर अशोक तिवारी तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (रायपुर सर्कल) के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. एम. कालिमुथु पैनल सदस्य के रूप में अपने विचार साझा करेंगे।
सिरपुर के ऐतिहासिक स्थल का करेंगे शैक्षणिक भ्रमण
सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण महासमुंद जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल सिरपुर का शैक्षणिक भ्रमण भी है। इस भ्रमण के माध्यम से देश-विदेश से आए विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (रायपुर सर्कल), छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय तथा महासमुंद जिला प्रशासन का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय ज्ञान परंपरा, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और भारत-दक्षिण कोरिया के बीच अकादमिक सहयोग को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




