कबीर को संप्रदायों में बांटकर हमने उनके विचारों के साथ किया अन्याय: डॉ. अजय आर्य…
एमजीएम पब्लिक स्कूल शांति नगर में ‘समय से परे प्रज्ञा’ संगोष्ठी, विद्यार्थियों ने जाना कबीर का क्रांतिकारी चिंतन और मानवता का संदेश

भिलाई। कबीर ने समाज को जाति, धर्म और संप्रदाय की दीवारों से ऊपर उठकर प्रेम, करुणा और इंसानियत का संदेश दिया, लेकिन विडंबना है कि हमने उन्हें भी अलग-अलग संप्रदायों में बांट दिया। जिस संत ने समाज की कुरीतियों और धार्मिक आडंबरों पर प्रहार करते हुए एकता का मार्ग दिखाया, आज उनके विचारों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। यह बात आचार्य डॉ. अजय आर्य ने एमजीएम पब्लिक स्कूल शांति नगर में आयोजित साहित्यिक संगोष्ठी में कही।

एमजीएम पब्लिक स्कूल शांति नगर के साहित्यिक क्लब द्वारा ‘समय से परे प्रज्ञा’ (Wisdom Beyond Time) विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में डॉ. अजय आर्य मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को कबीर के निर्भीक, क्रांतिकारी और मानवतावादी चिंतन से परिचित कराते हुए कहा कि कबीर किसी एक धर्म या संप्रदाय की संपत्ति नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा वैचारिक विरासत हैं।
आडंबर नहीं, आत्मपरिवर्तन है कबीर का संदेश
डॉ. अजय आर्य ने कहा कि कबीर को केवल पढ़ना या उनके दोहों का गायन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने व्यवहार में उतारना जरूरी है। माला फेरने से अधिक महत्वपूर्ण मन के अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष को समाप्त करना है।

अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कबीर का प्रसिद्ध दोहा सुनाया—
‘माला फेरत जुग भया, फिरा न मन का फेर।
कर का मनका डारि दे, मन का मनका फेर॥’
उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक कर्मकांड के बाद भी यदि मन में कटुता और व्यवहार में भेदभाव बना रहता है, तो व्यक्ति को अपनी धार्मिकता पर आत्ममंथन करना चाहिए। धर्म की वास्तविक सार्थकता प्रेम, करुणा और मानवीय व्यवहार में है।
मंदिर-मस्जिद से बड़ी है इंसानियत
धार्मिक संकीर्णता पर विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य ने मंदिर और मस्जिद तो बना लिए, लेकिन कई बार इंसानियत को ही भुला दिया। जब इमारतें ऊंची होने लगें और इंसानियत छोटी पड़ने लगे, तब कबीर के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।

उन्होंने अपनी बात इन पंक्तियों के माध्यम से रखी—
‘क्या बनाने आए थे, क्या बना बैठे,
कहीं मंदिर बना बैठे, कहीं मस्जिद बना बैठे।
हमसे तो अच्छे हैं ये उड़ते परिंदे,
कभी मंदिर में जा बैठे, कभी मस्जिद में जा बैठे।’
उन्होंने कहा कि कबीर का संदेश किसी धर्म का विरोध करना नहीं, बल्कि मनुष्य को धार्मिक आडंबरों से ऊपर उठाकर आत्मचिंतन और मानवता की ओर प्रेरित करना है।
डिग्रियों से नहीं, प्रेम और विनम्रता से मिलती है सच्ची विद्वता
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. अजय आर्य ने कहा कि बड़ी-बड़ी डिग्रियां हासिल कर लेना ही ज्ञानवान होने का प्रमाण नहीं है। वास्तविक विद्वता व्यक्ति के व्यवहार, विनम्रता और दूसरों के प्रति प्रेम में दिखाई देती है।
उन्होंने कबीर का प्रसिद्ध दोहा सुनाते हुए कहा—
‘पोथी पढ़ि पढ़ि जग मुआ, पंडित भया न कोय।
ढाई आखर प्रेम का, पढ़े सो पंडित होय॥’
उन्होंने कहा कि कबीर ने सदियों पहले ही समाज को यह समझाने का प्रयास किया था कि ज्ञान का वास्तविक उद्देश्य मनुष्य को बेहतर इंसान बनाना है। जिस संत ने जाति, मजहब और धार्मिक आडंबरों की दीवारें तोड़ने की शिक्षा दी, हमने उनके नाम पर भी नई सीमाएं खड़ी कर दीं।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
संगोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कबीर के विचारों और उनके सामाजिक चिंतन को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। एमजीएम पब्लिक स्कूल शांति नगर की श्रेयांशी मैथानी, एम.बी.वी.बी. स्कूल की काजल साहू, शकुंतला विद्यालय की पी. पुजीता, एमजीएम शांति नगर की अवनी तथा एमजीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-6 की परिधि सिंह ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में एमजीएम शांति नगर के अलावा एमजीएम सेक्टर-6, मार्बल्स विद्या भवन और शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ता डॉ. अजय आर्य से कबीर के दर्शन, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। उन्होंने सहज, रोचक और तार्किक शैली में सभी प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्राचार्या ने विद्यार्थियों को दिया मानवता का संदेश
कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. एन.सी. वर्गीस ने कबीर के विचारों को समता, सद्भाव और मानवता की प्रेरणा बताते हुए विद्यार्थियों से उन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर फादर तेजी सी. वर्गीस (डायोसेसन एजुकेशन ऑफिसर), मुख्य वक्ता आचार्य डॉ. अजय आर्य, फादर लिबिन तथा उप प्राचार्या पी. पुण्यवती रेड्डी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में लीना मैडम, सोनी जोसेफ, आभा नेवालकर, विकास सर और आर. प्रिया की उपस्थिति रही। स्वाति लॉरेंस ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, जबकि अर्शी कुरैशी ने आभार प्रदर्शन किया।
पहचान से पहले इंसानियत होनी चाहिए
संगोष्ठी के समापन पर डॉ. अजय आर्य ने कहा कि कबीर को किसी एक जाति, धर्म या संप्रदाय तक सीमित करना उनके व्यापक चिंतन को सीमित करना है। उनके दोहे गाने से अधिक जरूरी उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि मतभेद रहें, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। आस्थाएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन इंसानियत कभी अलग नहीं होनी चाहिए। पहचान से पहले इंसानियत को महत्व देना ही कबीर के विचारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




