संघर्ष और मेहनत से सफलता की मिसाल बने 21 व्यापारियों को मिलेगा व्यापारी गौरव अलंकरण, 19 नवंबर को रायपुर में होगा सम्मान…
स्वदेशी व्यापारी मंच का भव्य आयोजन, भिलाई से 50 से अधिक पदाधिकारी एवं सदस्य होंगे शामिल; महिला चेम्बर की टीम भी करेगी सहभागिता

रायपुर। व्यापार जगत में संघर्ष, मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले व्यापारियों को सम्मानित करने के लिए स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा 19 नवंबर 2026, गुरुवार को भव्य व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर के विमतरा ऑडिटोरियम, शांतिनगर, इंद्रावती कॉलोनी में शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित इस समारोह में प्रदेश के 21 सफल व्यापारियों को उनके संघर्षपूर्ण सफर और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय पदाधिकारी होंगे समारोह के मुख्य अतिथि
स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रदेश संयोजक अजय भसीन ने बताया कि समारोह में दीपक शर्मा एवं प्रदीप (अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख, स्वदेशी जागरण मंच) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में राकेश द्विवेदी (राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, स्वदेशी व्यापारी मंच) एवं जगदीश पटेल (छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच) उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह में ऐसे 21 व्यापारियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने अपने व्यापारिक जीवन में अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता हासिल की है। इन व्यापारियों ने अपने परिश्रम, दूरदर्शिता और कार्यशैली से व्यापार जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
भिलाई से 50 से अधिक पदाधिकारी और सदस्य होंगे शामिल
स्वदेशी व्यापारी मंच के सहसंयोजक एवं भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन में भिलाई से मनोहर कृष्णानी के नेतृत्व में 50 से अधिक पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे।
वहीं महिला चेम्बर प्रभारी सरोजनी पाणिग्रही के नेतृत्व में महिला चेम्बर की टीम की महिलाएं भी समारोह में सहभागिता करेंगी। आयोजन को लेकर व्यापारिक संगठनों एवं सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
व्यापारियों के संघर्ष और सफलता को सम्मान देना मुख्य उद्देश्य
स्वदेशी व्यापारी मंच के संयोजक अजय भसीन ने बताया कि व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के संघर्ष, परिश्रम, नवाचार और सफलता को सम्मान देना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना, व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत करना तथा स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय व्यापार और आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रोत्साहित करना भी आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
व्यापारियों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए बनेगा प्रेरणा
स्वदेशी व्यापारी मंच के सहसंयोजक गार्गी शंकर मिश्र एवं हितेश रायचुरा ने कहा कि व्यापारी केवल आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की मजबूत आधारशिला हैं। व्यापारियों का जीवन संघर्ष, मेहनत, जोखिम उठाने और नए अवसरों का निर्माण करने की प्रेरक मिसाल है।
उन्होंने कहा कि सफल व्यापारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करेगा। इससे युवा पीढ़ी को स्वरोजगार अपनाने, उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।
व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह व्यापारिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता और संगठित व्यापारी शक्ति को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




