
रीवा। गौ सेवा को प्राकृतिक खेती से जोड़ने और ग्रामीण महिलाओं को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हिनौती गौधाम में कृषि सखियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में आजीविका मिशन से जुड़ी 50 महिला कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती, जैविक कीटनाशक निर्माण, फसल प्रबंधन और पशुपालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई।

उप मुख्यमंत्री की पहल पर विकसित हो रहे प्राकृतिक खेती के मॉडल
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की विशेष पहल पर हिनौती गौधाम में प्राकृतिक खेती के मॉडल विकसित किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से गौ सेवा के साथ प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशासनिक भवन में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा के निर्देश पर आजीविका मिशन, जिला पंचायत रीवा द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया।
गोबर और गोमूत्र से जैविक कीटनाशक बनाने का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक एवं जिला प्रबंधक कृषि ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की मूल अवधारणा, जैविक कीटनाशकों के निर्माण और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। महिला किसानों को गाय के गोबर, गोमूत्र और घरेलू सामग्रियों की मदद से प्राकृतिक कीटनाशक तैयार करने की विधियां सिखाई गईं। साथ ही फसलों में कीट नियंत्रण के लिए इनके व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।
श्रीअन्न की खेती और उन्नत फल-सब्जियों की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान कृषि सखियों को श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती की तकनीकों से अवगत कराया गया। इसके अलावा फल एवं सब्जियों की प्रमुख उन्नत किस्मों, बेहतर फसल उत्पादन और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
गौवंश के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर भी जोर
प्राकृतिक खेती के साथ पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौवंश को स्वस्थ रखने तथा बेहतर दुग्ध उत्पादन प्राप्त करने के उपायों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला कृषि सखियों को ऐसा व्यावहारिक ज्ञान देना है, जिससे वे अपने गांवों में अन्य महिला किसानों को भी प्राकृतिक खेती और गौ आधारित कृषि पद्धतियों के लिए प्रेरित कर सकें।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक एवं जिला प्रबंधक आजीविका मिशन, हिनौती के सरपंच, विकासखंड गंगेव के आजीविका मिशन का समस्त स्टाफ तथा आत्मा परियोजना एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




