भिलाई स्टील प्लांट में सुरक्षा को लेकर 7वां लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन, शून्य दुर्घटना के लक्ष्य पर जोर…
हर कार्मिक की जिम्मेदारी है कार्यस्थल की सुरक्षा, सुरक्षित काम और सुरक्षित घर वापसी को बनाया जाए सर्वोच्च प्राथमिकता

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे साप्ताहिक लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (LGI) की कड़ी में 7वें कार्यक्रम का आयोजन 21 नवंबर 2026 को मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में किया गया। कार्यक्रम में संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार तथा कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी.के. बेहेरा ने अधिकारियों, कार्मिकों, पर्यवेक्षकों, ठेका श्रमिकों और सेफ्टी वॉरियर्स के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

‘मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना पर जोर
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य ‘मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी’ (एमएएमआर) की भावना को प्रोत्साहित करना और सुरक्षा को प्रत्येक कार्य की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाना रहा। इस दौरान ‘लाइन ऑफ फायर’ से जुड़े संभावित खतरों, कार्यस्थल पर मोबाइल फोन के उपयोग से बचने, सीमित स्थानों (कन्फाइंड स्पेस) में सुरक्षित कार्य करने तथा एफआरटी हेलमेट के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने अनियंत्रित ऊर्जा के मुक्त होने से उत्पन्न होने वाली जोखिमपूर्ण परिस्थितियों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही कार्यस्थल पर संभावित खतरों की पहचान, जोखिमों का आकलन और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सुरक्षा संबंधी पहलों पर दी गई प्रस्तुति
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) पुष्पा एम्ब्रोस ने सुरक्षित कार्य पद्धतियों और सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख पहलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने, संभावित जोखिमों के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को रेखांकित किया।
अधिकारियों और कार्मिकों के बीच हुआ सीधा संवाद
लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन के दौरान निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार और कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी.के. बेहेरा ने प्रतिभागियों को अपने अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने विभिन्न कार्यक्षेत्रों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्य पद्धतियों का आदान-प्रदान करने और उन्हें संयंत्र के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की आवश्यकता बताई। अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

उन्होंने कार्मिकों को किसी भी असुरक्षित कार्य अथवा स्थिति की तत्काल जानकारी देने और व्यवस्था में सुधार के लिए अपने सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही संयंत्र में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पाली के बाद सभी कार्मिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सड़क सुरक्षा और परमिट-टू-वर्क पर भी चर्चा
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा उपायों, निकट-दुर्घटना (नियर मिस) की घटनाओं, कार्य अनुमति (परमिट-टू-वर्क) प्रक्रियाओं के मानकीकरण तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल को प्रभावी बनाने में टूलबॉक्स टॉक की भूमिका पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सुरक्षित कार्य पद्धतियों को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।
ठेका श्रमिकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने पर बल
बैठक में ठेका श्रमिकों के बीच सकारात्मक सुरक्षा दृष्टिकोण विकसित करने में बीएसपी कार्मिकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। सभी विभागों में सुरक्षा जागरूकता को लगातार बढ़ाने और दैनिक कार्यों में सुरक्षित व्यवहार को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों को संगठन के प्रत्येक स्तर पर ‘सुरक्षा सर्वोपरि’ के सिद्धांत को व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रत्येक शनिवार आयोजित हो रहा है लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन
उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए इस साप्ताहिक पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रत्येक शनिवार वरिष्ठ अधिकारी संयंत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों के साथ सीधे संवाद करते हैं। उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर सुरक्षित कार्य पद्धतियों को और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रशांत ओझा, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन-एल एंड डी) एस.के. श्रीवास्तव सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशांत ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) नवनीता चौहान ने किया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




