गौरा-गौरी विसर्जन से मातर तिहार तक दिखी लोकसंस्कृति की झलक, मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्गवासियों के साथ मनाए दीपावली के उत्सव…
कसारीडीह, डिपरापारा और सेवा सदन में पूजा-अर्चना कर लोकपरंपराओं में हुए शामिल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

दुर्ग। दीपावली पर्व के उल्लास के बीच छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक आस्था के रंग दुर्ग शहर में देखने को मिले। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित गौरा-गौरी विसर्जन एवं मातर तिहार कार्यक्रमों में शामिल होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और दुर्गवासियों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
गौरा-गौरी विसर्जन में शामिल होकर साझा कीं खुशियां
मंत्री गजेन्द्र यादव कसारीडीह सिविल लाइन और डिपरापारा में आयोजित पारंपरिक गौरा-गौरी विसर्जन कार्यक्रमों में शामिल हुए। कसारीडीह सिविल लाइन से निकली पारंपरिक विसर्जन यात्रा में सहभागिता कर उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। वहीं डिपरापारा में विधिवत पूजा-अर्चना कर लोक आस्था और परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

इस दौरान उन्होंने मोहल्ले के परिवारजनों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मातर तिहार पर गौमाता की पूजा-अर्चना
मातर तिहार के अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग स्थित सेवा सदन में विधि-विधान से गौमाता का पूजन-अर्चन किया। समाजजनों की उपस्थिति में पारंपरिक दोहा गाकर गौमाता को सोहाई बांधी और लोकपर्व की परंपराओं का निर्वहन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान : गजेन्द्र यादव
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि मातर तिहार हमारी पारंपरिक मान्यताओं और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। यह पर्व प्रकृति, कृषि और पशुधन के साथ हमारे गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। पारंपरिक दोहा, सोहाई बांधने की रस्म और सामूहिक पूजा-अर्चना हमारी सदियों पुरानी लोकपरंपराओं की जीवंत पहचान हैं।
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं पारंपरिक आयोजन
मंत्री ने कहा कि ऐसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। हमें अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुर्ग की पहचान यहां की जीवंत सामाजिक परंपराओं, सांस्कृतिक आयोजनों और आपसी आत्मीयता से है। दीपावली के अवसर पर विभिन्न मोहल्लों में आयोजित गौरा-गौरी और मातर तिहार जैसे आयोजनों में लोगों का उत्साह एवं सहभागिता छत्तीसगढ़ की मजबूत लोकसंस्कृति को दर्शाती है।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में अपने क्षेत्र के परिवारजनों के बीच समय बिताना और उनकी खुशियों में सहभागी बनना उनके लिए विशेष अनुभूति का विषय है। जनता का स्नेह, बड़ों का आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों का विश्वास ही जनसेवा के संकल्प को निरंतर मजबूती प्रदान करता है। इस अवसर पर समाज के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




