पीस ऑडिटोरियम में आध्यात्मिक उमंग के साथ मना दीपावली महापर्व, आशा दीदी ने दिया आत्मज्योति जागृत करने का संदेश…
ब्रह्माकुमारी आशा दीदी बोलीं—चैतन्य दीपक बन स्वयं प्रकाशित होकर विश्व को प्रकाशित करें

भिलाई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में दीपावली महापर्व हर्षोल्लास, उमंग और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी एवं ब्रह्माकुमारी बहनों ने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया।

बाहरी दीपक के साथ आत्मज्योति जागृत करने का संदेश
कार्यक्रम में आशा दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल बाहरी दीपक जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि स्वयं की आत्मज्योति जागृत कर संपूर्ण विश्व को ज्ञान और शांति के प्रकाश से प्रकाशित करने का पावन अवसर है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अनेक दीपक मिलकर दीपमाला बनाते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक आत्मा अपने दिव्य गुणों और श्रेष्ठ कर्मों के माध्यम से विश्व में सुख, शांति और प्रेम का प्रकाश फैला सकती है।
पुराने संस्कारों को छोड़ श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का आह्वान
आशा दीदी ने बताया कि सच्ची दीपावली मनाने का अर्थ अपने पुराने संस्कारों, कमजोरियों, व्यर्थ संकल्पों और अवगुणों का खाता समाप्त कर नवीन एवं श्रेष्ठ संस्कारों को धारण करना है।

इस अवसर पर सभी ने पांच संकल्प लिए। इनमें आत्मज्योति को जागृत करना, पुराने संस्कारों एवं कमजोरियों को समाप्त करना, नवीन श्रेष्ठ संस्कार धारण करना, अपने ज्ञान एवं अनुभव से अन्य आत्माओं की सेवा करना तथा सदैव जागती ज्योति बनकर विश्व को प्रकाशित करना शामिल रहा।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के अंत में डिवाइन ग्रुप के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आनंद, उमंग और आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया।

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




