पटना में गंगा की लहरों पर दौड़ी वाटर मेट्रो, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी…
दीघा घाट से गांधी घाट तक शुरू हुई कैटामरैन वेसल सेवा, पर्यावरण अनुकूल पर्यटन और जल परिवहन को मिलेगी नई पहचान

पटना। बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी पर जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 10 नवंबर 2026 को दीघा घाट से कंगन घाट तक कैटामरैन वेसल (वाटर मेट्रो) सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर आधुनिक जलयान को रवाना किया। इस सुविधा से पटना आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गंगा नदी में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन की आधुनिक सुविधा
पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। वाटर मेट्रो के संचालन से पटना के अशोक राजपथ पर यातायात के दबाव और ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही गंगा नदी के रास्ते आवागमन का एक सुगम और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।
50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक कैटामरैन
कैटामरैन वेसल में एक साथ 50 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। यह आधुनिक सुविधाओं से लैस जलयान मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके संचालन से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं होगा। यह पर्यटकों को गंगा की लहरों के बीच रोमांचक और सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।
जलयान में उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
दीघा घाट से गांधी घाट तक होगा संचालन
वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा घाट (मीनार घाट) से शुरू होकर गांधी घाट तक होगा। इसके बाद जलयान गांधी घाट से वापस दीघा घाट पहुंचेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को भी यह सेवा दीघा घाट तक उपलब्ध रहेगी।
50 रुपये होगा प्रति वयस्क टिकट
वाटर मेट्रो में यात्रा के लिए प्रति वयस्क 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधा किराया देना होगा।
फिलहाल पर्यटक दीघा घाट स्थित टिकट काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
चार्जिंग के लिए बनाए गए विशेष स्टेशन
यह कैटामरैन वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है। इसमें उपलब्ध बैटरी को चार्ज करने के लिए दीघा (मीनार घाट) और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है। भविष्य में इस जल परिवहन सेवा का विस्तार कंगन घाट तक किए जाने की योजना है।
कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
वाटर मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, विधायक संजय कुमार सहित पटना की महापौर सीता साहू मौजूद रहीं।
इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Source Link : https://state.bihar.gov.in/main/SectionInformation.html?editForm&rowId=8929
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




