छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर बंपर भर्ती, 6 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू…
कनिष्ठ अभियंता के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों पर होगी नियुक्ति, 26 नवंबर 2026 तक कर सकेंगे आवेदन

दुर्ग। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 38 प्रकार के पदों के लिए 5 नवंबर 2026 को विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 को रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
तीनों कंपनियों में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां
यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के लिए की जाएगी। इसके लिए पूर्व में 7 अगस्त 2026 को जारी लघु विज्ञापन और 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के आधार पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है।



सबसे अधिक 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं।
6 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन
जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क भी इसी समय सीमा तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत भर्ती विज्ञापन का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता संबंधी पात्रता
विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन करने के पात्र होंगे। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम देना होगा। अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी की प्राथमिकता और कंपनीवार रिक्त पदों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
इन पदों पर भी होगी भर्ती
भर्ती में सहायक अभियंता के मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं।
इसके अलावा फायर ऑफिसर के 1, सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6, प्रोग्रामर के 3 और कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल के 12 पद निर्धारित हैं।
कनिष्ठ अभियंता के अन्य पदों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस का 1, सूचना प्रौद्योगिकी का 1 और सिविल के 26 पद शामिल हैं।
अन्य पदों में सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10, सुरक्षा उप निरीक्षक के 19, फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 और अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के अंतर्गत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद हैं।
इसके साथ ही लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8, सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पदों पर भी भर्ती होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद शामिल हैं।
यहां देखें भर्ती विज्ञापन और करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत भर्ती विज्ञापन, पदवार योग्यता, आयु सीमा और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट: https://cspc.co.in
महत्वपूर्ण तिथियां:
विज्ञापन जारी होने की तिथि: 5 नवंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 6 नवंबर 2026, शाम 8 बजे
आवेदन की अंतिम तिथि: 26 नवंबर 2026, रात 11:55 बजे
कुल रिक्त पद: 1,501
कुल पदों के प्रकार: 38
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




