chhattisgarhentertainmentknowledgelifestyleछत्तीसगढ़भिलाईलाइफस्टाइलविविध विषय

25 वर्षों से बुजुर्गों की सेवा कर रहा आस्था वृद्धा आश्रम, 20 लाख की लागत से बने कार्यालय, पुस्तकालय और भोजनालय का लोकार्पण…

सांसद विजय बघेल और विधायक ललित चंद्राकर ने किया नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन, आश्रम में 80 बुजुर्गों को मिल रहा परिवार जैसा अपनापन

भिलाई। जरूरतमंद और बेसहारा बुजुर्गों की सेवा में पिछले 25 वर्षों से समर्पित आस्था वृद्धा आश्रम को नई सुविधाओं की सौगात मिली है। सेक्टर-2 भिलाई स्थित आश्रम में छत्तीसगढ़ शासन से स्वीकृत 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का लोकार्पण दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने किया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुआ लोकार्पण

स्वर्गीय बानू बाई गेडाम की पुण्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल ने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का लोकार्पण किया। इस दौरान स्वर्गीय बानू बाई गेडाम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी गई।

कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, शंकरलाल देवांगन, प्रभुनाथ मिश्रा, नीमराज वर्मा, दिलेश्वर उमरी एवं संतोष राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आश्रम में 80 बुजुर्गों को मिल रहा आश्रय

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रकाश गेडाम ने बताया कि आस्था वृद्धा आश्रम आपसी सहयोग और दानदाताओं के योगदान से लगभग 25 वर्षों से संचालित हो रहा है। वर्तमान में आश्रम में करीब 80 बुजुर्ग निवासरत हैं, जिनमें 50 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत 20 लाख रुपये की राशि से कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का निर्माण कराया गया है। इन सुविधाओं से आश्रम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बुजुर्गों की सेवा किसी मंदिर में पूजा करने के समान : विजय बघेल

सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव सेवा को अपना आभूषण मानकर आस्था संस्था वर्षों से जरूरतमंद और बेसहारा बुजुर्गों की सेवा कर रही है। स्वर्गीय बानू बाई गेडाम के संस्कारों और आशीर्वाद से यह सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रकाश गेडाम और उनकी पूरी टीम जिस समर्पण भाव से बुजुर्गों की देखभाल कर रही है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। जिन बुजुर्गों का कोई सहारा नहीं है और जिन्हें उनके परिवार ने छोड़ दिया है, उन्हें आश्रम में परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और अपनापन दिया जा रहा है।

सांसद ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना किसी मंदिर में पूजा करने के समान है। प्रकाश गेडाम स्वयं बुजुर्गों की देखभाल से लेकर उनकी हर जरूरत का ध्यान रखते हैं। इसके साथ ही एक हजार से अधिक लावारिस शवों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराना उनकी मानवीय संवेदना और सेवा भावना को दर्शाता है।

25 वर्षों की निरंतर सेवा समाज के लिए मिसाल

सांसद विजय बघेल ने कहा कि आज के दौर में जहां कई संस्थाएं कुछ समय बाद बंद हो जाती हैं, वहीं आस्था संस्था का 25 वर्षों से लगातार सेवा कार्य करना बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे स्वर्गीय बानू बाई गेडाम के दिए संस्कार, सेवा भावना और संस्था की पूरी टीम का समर्पण है।

उन्होंने नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय के लोकार्पण पर संस्था के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मानव सेवा के कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button