कोरिया जिले में संविदा भर्ती का अवसर, कंप्यूटर प्रोग्रामर से लेकर लेखापाल तक के पदों पर होगी नियुक्ति…
जिला पंचायत के दो अलग-अलग विज्ञापनों से 7 पदों पर भर्ती, योग्य अभ्यर्थी 2 और 16 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

कोरिया। छत्तीसगढ़ में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला पंचायत कोरिया एवं जिला मिशन प्रबंधन इकाई के अंतर्गत विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती निकाली गई है। जारी विज्ञापनों के अनुसार कंप्यूटर प्रोग्रामर और लेखापाल के कुल 7 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और निर्धारित मेरिट अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
कंप्यूटर प्रोग्रामर और लेखापाल के पदों पर भर्ती
जिला पंचायत कोरिया, बैकुंठपुर द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञापन के अनुसार विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत जिला एवं जनपद पंचायत स्तर पर संविदा पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसमें जिला स्तर पर कंप्यूटर प्रोग्रामर के कुल 2 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें एक पद अनारक्षित मुक्त तथा एक पद अनुसूचित जनजाति मुक्त वर्ग के लिए है। चयनित अभ्यर्थी को एकमुश्त मासिक वेतन 51,780 रुपये दिया जाएगा।
इसी तरह जनपद स्तर पर लेखापाल के कुल 4 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 2 पद अनारक्षित मुक्त, एक पद अनुसूचित जनजाति मुक्त और एक पद अनुसूचित जाति मुक्त वर्ग के लिए निर्धारित है। इस पद के लिए एकमुश्त मासिक वेतन 23,350 रुपये तय किया गया है।
बिहन मिशन के तहत जिला स्तर पर लेखापाल की भर्ती
दूसरे विज्ञापन के तहत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई में भी संविदा भर्ती की जाएगी।
इसमें जिला स्तर पर लेखापाल का एक पद स्वीकृत किया गया है। यह पद अनुसूचित जनजाति मुक्त वर्ग के लिए निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थी को 23,350 रुपये प्रतिमाह एकमुश्त वेतन दिया जाएगा।
इस पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में स्नातक (बीकॉम) होना अनिवार्य है। इसके साथ कंप्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा की योग्यता भी निर्धारित की गई है। टेली सर्टिफिकेट वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
लेखापाल पद के लिए संबंधित क्षेत्र में स्नातक उपरांत न्यूनतम दो वर्ष का कार्य अनुभव भी मांगा गया है। अनुभव के लिए शासकीय विभाग, स्थानीय निकाय, सरकारी अनुदान प्राप्त संस्थान अथवा संबंधित क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव मान्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर बनेगी मेरिट सूची
कंप्यूटर प्रोग्रामर पद के लिए प्रथम श्रेणी में बीई कंप्यूटर साइंस, एमसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस अथवा बीई (आईटी) की शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। डॉट नेट टेक्नोलॉजी, जावा, एमएस एसक्यूएल और ओरेकल का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस पद के लिए मेरिट सूची में शैक्षणिक योग्यता को 70 अंक, कंप्यूटर एवं प्रायोगिक परीक्षा को 15 अंक, तकनीकी ज्ञान को 5 अंक तथा संबंधित शासकीय ग्रामीण विकास योजनाओं में कार्य अनुभव के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित किए गए हैं।
वहीं जी राम जी योजना के अंतर्गत जनपद स्तर के लेखापाल पद के लिए बीकॉम की योग्यता निर्धारित है। चयन में हायर सेकेंडरी परीक्षा के अंकों को 20 प्रतिशत तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के अंकों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त अनुभव के आधार पर भी अंक प्रदान किए जाएंगे।
बिहान मिशन के लेखापाल पद के लिए स्नातक में प्राप्त अंकों को 35, बारहवीं के अंकों को 20 और दसवीं के अंकों को 20 वेटेज दिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र में अनुभव के लिए अधिकतम 15 अंक तथा कौशल परीक्षा के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।
आवेदन की अलग-अलग अंतिम तिथियां
दोनों भर्ती विज्ञापनों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग निर्धारित की गई है।
विकसित भारत–जी राम जी योजना: आवेदन 16 अक्टूबर 2026 से 2 नवंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। अंतिम तिथि को शाम 5:30 बजे तक आवेदन कार्यालय पहुंचना अनिवार्य है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान): इस भर्ती के लिए आवेदन 16 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
डाक के माध्यम से करना होगा आवेदन
जी राम जी योजना के पदों के लिए आवेदन पत्र पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरिया के कार्यालय पते पर भेजना होगा। व्यक्तिगत रूप से जमा किए गए अथवा अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वहीं बिहान मिशन के अंतर्गत लेखापाल पद के लिए भी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक अथवा स्पीड पोस्ट से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरिया के कार्यालय में भेजना होगा। इस भर्ती की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रारूप जिला कोरिया की आधिकारिक वेबसाइट https://korea.gov.in पर उपलब्ध है।
दोनों विज्ञापनों में छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव, आरक्षण एवं अन्य शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




