
राजनांदगांव। जिले में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, राजनांदगांव द्वारा जिले की विभिन्न प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में प्रबंधक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के तहत कुल 9 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 12 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।
इन 9 समितियों में होगी भर्ती
जिला लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार शारदा, औंधी, सेंधवाड़ी, डोंगर, कुंहाली, मुड़पार, चिखली, बचेली चारभाठा और खोभा प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में प्रबंधक के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी। सभी पद अनारक्षित श्रेणी के हैं।
शैक्षणिक योग्यता और जरूरी शर्तें
प्रबंधक पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (10+2) उत्तीर्ण होना निर्धारित है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का संबंधित प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदक को पिछले पांच वर्षों में कम से कम तीन वर्षों तक प्रत्येक वर्ष न्यूनतम 500 गट्ठी तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य किया होना चाहिए। इसके प्रमाण के रूप में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रति आवेदन के साथ लगानी होगी।
इसके अलावा अभ्यर्थी को कंप्यूटर का ज्ञान होना आवश्यक है। निर्धारित योग्यता के अनुसार कंप्यूटर एप्लीकेशन में मान्यता प्राप्त संस्था से प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री होना जरूरी है।
आयु सीमा कितनी होनी चाहिए?
आवेदक की आयु 1 जनवरी 2027 की स्थिति में न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार स्थानीय निवासियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट का प्रावधान है।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (गैर क्रीमीलेयर) के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। महिला अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम 10 वर्ष तक की आयु छूट का प्रावधान है। अन्य पात्र श्रेणियों को भी शासन के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
125 अंकों के आधार पर होगा चयन
प्रबंधक पद के लिए चयन प्रक्रिया कुल 125 अंकों के आधार पर निर्धारित की गई है।
- हायर सेकेंडरी (10+2): प्राप्त प्रतिशत के बराबर अंक, अधिकतम 100 अंक।
- स्नातक परीक्षा: प्राप्त प्रतिशत के अनुपात में 1/5 अंक, अधिकतम 20 अंक।
- कंप्यूटर योग्यता: मान्यता प्राप्त संस्था से कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री के लिए अधिकतम 5 अंक।
अंक समान होने की स्थिति में आयु में वरिष्ठ अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
नियुक्ति से पहले ये प्रक्रियाएं होंगी पूरी
चयनित अभ्यर्थी का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा शासकीय चिकित्सालय के निर्धारित मापदंडों के अनुसार चिकित्सा परीक्षण में स्वस्थ पाया जाना अनिवार्य होगा।
नियुक्ति से पहले अभ्यर्थी को 10 हजार रुपये की राशि नगद, सावधि जमा अथवा राष्ट्रीयकृत बैंक में जमा राशि के रूप में प्रतिभूति के तौर पर जमा करनी होगी। चयनित अभ्यर्थी को एक वर्ष तक परिवीक्षा अवधि में रखा जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार नियमित किया जाएगा।
प्रबंधकों को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ मर्यादित, रायपुर द्वारा निर्धारित वेतन दिया जाएगा। संघ द्वारा स्वीकृत दौरों पर यात्रा भत्ता भी देय होगा।
कहां और कैसे करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन प्रारूप में सभी आवश्यक जानकारी भरकर संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न करनी होंगी। आवेदन पंजीकृत डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।
आवेदन भेजने का पता:
प्रबंध संचालक,
जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित,
पाताल भैरवी मंदिर के पास, पीटीएस के सामने,
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) – 491441।
आवेदन की अंतिम तिथि: 12 नवंबर 2026
अंतिम समय: शाम 5:00 बजे तक।
कहां से डाउनलोड करें भर्ती का विज्ञापन?
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, निर्धारित योग्यता, चयन प्रक्रिया और आवेदन पत्र का प्रारूप जिला राजनांदगांव की आधिकारिक वेबसाइट https://rajnandgaon.nic.in तथा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की वेबसाइट https://mohla-manpur-ambagarhchowki.cg.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों और निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
Source Link : https://mohla-manpur-ambagarhchowki.cg.gov.in/en/notice_category/recruitment/
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




