Crimeअपराधजुर्म

रीवा में 18 हजार रुपये के लिए बुजुर्ग व्यापारी की हत्या, धनतेरस पर गला घोंटकर जंगल में दफनाया शव

बकरी खरीदने निकले 60 वर्षीय व्यापारी की बेरहमी से हत्या, दो युवक और एक नाबालिग गिरफ्तार; 12 घंटे में पुलिस ने सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी

रीवा। धनतेरस के दिन महज 18 हजार रुपये के लालच में दो युवकों और एक नाबालिग ने 60 वर्षीय बकरी व्यापारी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात के बाद शव को जंगल में नाले के पास मिट्टी में दफना दिया और मृतक की दोपहिया गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी। अतरैला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 12 घंटे के भीतर अंधी हत्या का खुलासा कर दोनों बालिग आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया।

बकरी खरीदने निकले व्यापारी की हत्या

अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव निवासी लख्खू चिकवा (60) बकरी खरीदने और बेचने का व्यवसाय करते थे। 6 नवंबर को धनतेरस की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी दोपहिया से 18 हजार रुपये लेकर कुरैली की ओर बकरी खरीदने निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

झाड़ियों में मिली गाड़ी, मिट्टी के नीचे मिला शव

पुलिस ने तलाश के दौरान ग्राम कुरैली में बरसाती त्रिपाठी की पहाड़ी जमीन के पास झाड़ियों में लख्खू चिकवा की दोपहिया गाड़ी बरामद की। आसपास जांच करने पर बहरा के पास मिट्टी की नई परत दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाया।

परिजनों की मौजूदगी में जब मिट्टी हटाई गई तो नीचे लख्खू चिकवा का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

18 हजार रुपये लूटने के लिए रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार संदेह के आधार पर बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने एक विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने व्यापारी से रुपये छीनने के इरादे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बहरा में नाले के पास मिट्टी खोदकर दफना दिया। वारदात के बाद मृतक की गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी और उसके पास मौजूद 18 हजार रुपये आपस में बांट लिए। आरोपी व्यापारी का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।

नकदी, मोबाइल और दोपहिया गाड़ी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की दोपहिया गाड़ी, 12 हजार 600 रुपये नकद और नीले रंग का कीपैड मोबाइल जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 जोड़ी गई हैं। दोनों बालिग आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

व्यापारी का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने अकेला बाजार में चक्काजाम कर डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर आवागमन रोक दिया। करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर तहसीलदार और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

त्योहार के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महज 18 हजार रुपये के लालच में की गई इस निर्मम हत्या ने पूरे तराई अंचल को झकझोर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया, लेकिन धनतेरस के दिन परिवार ने अपने बुजुर्ग सदस्य को खो दिया। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और अपराध को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button