नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी…

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले लक्जरी वाहन, बस, कार तथा भारी वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन प्रातः एवं रात्रि के समय विशेष वाहन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
विभिन्न ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट, मार्केट क्षेत्र, चौपाटी, माल रोड एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। विगत एक सप्ताह में कुल 109 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई।
दिनांक 01 जनवरी 2026 से 13 जून 2026 तक की अवधि में कुल 1506 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है। संबंधित प्रकरणों में न्यायालय द्वारा वाहन चालकों से ₹10,000 से ₹15,000 तक का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 14 जून 2026 को प्रातः लगभग 10:00 बजे वाहन जांच के दौरान एक तवेरा वाहन चालक को शराब सेवन कर वाहन चलाते पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण में चालक के शरीर में 140 mg/100 ml अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जो निर्धारित मानक से कहीं अधिक थी। उक्त वाहन को तत्काल जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहन स्वामी से संपर्क कर वैकल्पिक वाहन एवं योग्य चालक की व्यवस्था कर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
▪️ सराहनीय भूमिका :
यातायात पुलिस दुर्ग की वाहन जांच टीम, सहायक उप निरीक्षक सुशील पांडे एवं हमराह स्टाफ द्वारा सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही संपादित की गई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के पश्चात वाहन न चलाएं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन को संकट में डाल सकती है। सुरक्षित यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




