भिलाई

बीएसपी में एडवांस्ड इंडस्ट्रियल हाइड्रॉलिक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के अंतर्गत संचालित एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, दुर्ग के सहयोग से एडवांस्ड इंडस्ट्रियल हाइड्रॉलिक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संयंत्र के अभियंताओं एवं अनुरक्षण कार्मिकों की तकनीकी दक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें आधुनिक औद्योगिक हाइड्रॉलिक प्रणालियों, अनुरक्षण तकनीकों एवं प्रभावी समस्या-निवारण पद्धतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक औद्योगिक हाइड्रॉलिक प्रणालियों के संचालन, अनुरक्षण एवं समस्या-विश्लेषण से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया। कक्षा आधारित प्रशिक्षण के साथ-साथ हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने का अनुभव प्राप्त हुआ। इससे उन्हें आधुनिक हाइड्रॉलिक अनुप्रयोगों की बेहतर समझ विकसित करने, समस्या-समाधान क्षमता बढ़ाने तथा उपकरणों की विश्वसनीयता एवं परिचालन दक्षता में सुधार लाने में सहायता मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में औद्योगिक सुरक्षा, व्यवस्थित अनुरक्षण प्रणाली तथा बदलती औद्योगिक तकनीकों को अपनाने के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को सुरक्षित कार्य व्यवहार, निवारक अनुरक्षण तथा नवीनतम औद्योगिक प्रौद्योगिकियों के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, दुर्ग जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से नियमित रूप से तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर अपने ज्ञानार्जन एवं विकास तंत्र को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button