ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, मार्ग-समय और यातायात व्यवस्था पर दिए निर्देश…
मुस्लिम कमेटी के साथ पुलिस-प्रशासन की बैठक; वालेंटियर की सूची पहले से देने और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने की अपील

भिलाई। आगामी ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों और सदस्यों के साथ बैठक की। 24 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06, भिलाई में आयोजित बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, वालेंटियर और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व 26 अगस्त 2026 को मनाया जाना है। इस दौरान दुर्ग-भिलाई सहित अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित जुलूसों को ध्यान में रखते हुए शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई।
निर्धारित मार्ग और समय का करना होगा पालन
बैठक में मुस्लिम कमेटी के प्रतिनिधियों से जुलूस को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार संचालित करने तथा तय समय पर समाप्त करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आयोजन से जुड़े लोगों को पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
वालेंटियर की सूची थाना में उपलब्ध कराने के निर्देश
जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों को पर्व से पहले वालेंटियरों की सूची संबंधित थाना में उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर समन्वय हो सके।
साथ ही छोटे बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई।
यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका रखें ध्यान
पुलिस एवं प्रशासन ने जुलूस को निर्धारित मार्ग की एक ओर से व्यवस्थित रूप से निकालने की समझाइश दी, ताकि आम यातायात प्रभावित न हो। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई।
मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों एवं सदस्यों ने निर्धारित मार्ग और समय का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने तथा पुलिस-प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अधिकारी और कमेटी प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, डिप्टी कलेक्टर प्रेमलाल साव, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक और उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन उपस्थित रहे।
मुस्लिम कमेटी की ओर से सेक्टर-06 जामा मस्जिद के मिर्जा आसिम बेग, गौसिया मस्जिद के नजरूल खान, सेक्टर-06 के एस.जे. कुरैशी, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद के मोहम्मद इफ्तिखार खान, कैम्प-01 मस्जिद के मोहम्मद जमाल, रूआबांधा के शमशेर अली, जामा मस्जिद दुर्ग के शेख शकील, सीरत पाक दुर्ग के अनिस रजा, दुर्ग के सैय्यद मोहसीन अली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा बच्चों और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने कहा है।
पुलिस ने यह भी अपील की कि किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com



