दुर्ग

कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख की चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का पर्दाफाश…

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :

दिनांक 28.07.2026 को प्रार्थी प्रमोद महेश्वरी निवासी मुक्त नगर, दुर्ग अपनी मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG 07 CR 7983 में लगभग ₹4,90,000/- नगद राशि एक काले रंग के बैग में रखकर निकले थे। पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने वाहन खड़ा कर अन्य कार्य से चले गए। कुछ समय पश्चात वापस आने पर अज्ञात आरोपी द्वारा वाहन के बाएं सामने का शीशा पत्थर से तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया गया था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू एवं थाना पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी के निवास से घटनास्थल एवं आसपास लगभग 05 किलोमीटर क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही तकनीकी विश्लेषण, मैनुअल इंटेलिजेंस, स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचना एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कार्यरत है, को चिन्हित किया गया। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उसकी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से उसे प्रार्थी की गतिविधियों की जानकारी रहती थी। आरोपी ने पूर्व में प्रार्थी की गतिविधियों की रैकी कर यह जानकारी एकत्रित की थी कि प्रार्थी अक्सर बड़ी नगदी लेकर उक्त स्थान पर वाहन खड़ा करता है। इसी पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई राशि में से ₹1,57,000/- नगद बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त 02 पल्सर मोटरसाइकिल एवं 01 एक्टिवा स्कूटी जप्त की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में शेष चोरी गई राशि की बरामदगी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :

मुख्य आरोपी ने प्रार्थी की दैनिक गतिविधियों एवं नगदी ले जाने की आदत की पूर्व रैकी की। अवसर मिलने पर अपने साथियों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी किया तथा घटना के दौरान एवं घटना के बाद आवागमन के लिए अलग-अलग दोपहिया वाहनों का उपयोग किया।

घटना का कारण :

पूर्व नियोजित तरीके से बड़ी नगदी चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करना।

घटनास्थल :

उत्सव होंडा शोरूम के सामने, पोटिया रोड, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।

आरोपी का नाम :

1. भुवनेश्वर डहरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।

2. संजय साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।

3. जितेंद्र कुमार साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी रूआबांधा, चाचा चौक के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।

4. सपना राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोलियाहापुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।

5. संतोष जोशी ,उम्र 48 ,वार्ड नंबर 54 कुंदरपारा थाना पद्मनाभपुर

जप्त सामग्री :

1. नगदी राशि ₹1,57,000/-।

2. 02 पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CZ 2010 एवं CG 07 CU 0220।

3. 01 एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 07 CZ 6093।

सराहनीय कार्य :

उक्त कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग एवं थाना पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सतत तकनीकी विश्लेषण, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण, मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग एवं त्वरित समन्वित कार्रवाई के माध्यम से प्रकरण का सफल खुलासा किया गया। विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना पुलगांव एवं एसीसीयू के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बड़ी नगदी लेकर चलते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा वाहन में नगदी अथवा अन्य मूल्यवान वस्तुएं छोड़कर न जाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button