CG Crime News: दुर्ग पुलिस का तड़के बड़ा एक्शन! 100 से ज्यादा जवानों ने घर-घर दी दबिश, 7 वारंटी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
आज दिनांक 03.08.2026 को प्रातःकाल दुर्ग पुलिस द्वारा थाना छावनी एवं थाना मोहन नगर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान में दोनों थाना क्षेत्रों में कुल लगभग 100 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए चिन्हित क्षेत्रों में सघन तलाशी एवं सत्यापन की कार्रवाई की।
थाना छावनी क्षेत्र के प्रगति नगर बीएसपी क्वार्टर में प्रत्येक मकान का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का संग्रहण तो नहीं किया जा रहा है। साथ ही निवासरत व्यक्तियों के आधार कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन एवं वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान 07 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इसी प्रकार थाना मोहन नगर क्षेत्र के उरला बॉम्बे आवास, शंकर नगर एवं शांति नगर में भी लगभग 50 अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान निवासरत व्यक्तियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, किरायेदारों के दस्तावेज तथा वाहनों की जांच की गई एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
▪️ सराहनीय कार्य :
उक्त विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी,थाना छावनी एवं थाना मोहन नगर के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, यातायात पुलिस, एसीसीयू टीम तथा अभियान में लगाए गए सभी पुलिस बल की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही, जिनके द्वारा योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से अभियान संपादित किया गया।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने किरायेदारों एवं घरेलू कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध मादक पदार्थ, शराब अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में आपका सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।




