
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को कुम्हारी-दुर्ग क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की विशेष जांच की गई।
चेकिंग के दौरान माल परिवहन के लिए निर्धारित वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने ऐसे 10 मालवाहक वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना क्यों है खतरनाक?
मालवाहक वाहन सामान और सामग्री के परिवहन के लिए निर्धारित होते हैं। इनमें यात्रियों को बैठाकर ले जाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिमपूर्ण है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के अनियंत्रित होने, पलटने या दुर्घटना की स्थिति में वाहन में बैठे यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका रहती है।
इसी खतरे को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
चालकों और वाहन मालिकों को दी समझाइश
अभियान के दौरान वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। वाहन मालिकों से भी अपील की गई कि वे अपने वाहनों का उपयोग केवल निर्धारित कार्य के लिए करें तथा अनधिकृत रूप से यात्रियों का परिवहन न कराएं।
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com





