भिलाई क्षेत्र के वार्डों में चोक नालियां खोली जा रहीं, जलभराव रोकने युद्धस्तर पर अभियान…

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत सभी संवेदनशील वार्डों में नालियों की सफाई, चोक पाइंट खोलने तथा वर्षाजल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के दौरान कहीं भी पानी का ठहराव न हो और नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं जोन की टीमों ने ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां पूर्व वर्षों में वर्षाजल के ठहराव की स्थिति निर्मित होती रही है।
इन स्थानों पर विशेष रूप से नालियों के चोक पाइंट खोले जा रहे हैं, ताकि वर्षाजल बिना किसी अवरोध के मुख्य नालियों तक पहुंच सके। जहां प्राकृतिक बहाव बाधित है, वहां रेनकट (कच्ची नाली) बनाकर पानी का निकास मुख्य नालियों की ओर कराया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के मार्गदर्शन में सफाई अमला लगातार फील्ड में मौजूद रहकर नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक, कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य कर रहा है।
अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त श्रमिक एवं संसाधन भी लगाए जा रहे हैं। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।
जिन क्षेत्रों में पानी भरने की संभावना हो, वहां पहले से ही आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल नालियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर में ऐसी प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करना है जिससे मानसून के दौरान सड़कें जलमग्न न हों, यातायात प्रभावित न हो और आम नागरिकों का दैनिक जीवन सुचारु रूप से चलता रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




