रायपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले- लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरेगा भाजपा कार्यकर्ता…
सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक निकली पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल, कांग्रेस और विपक्ष की राजनीति पर सांसद ने उठाए सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को भाजपा जिला रायपुर द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक निकली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब लोकतंत्र और संविधान पर संकट आएगा, भाजपा का कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर मुकाबला करेगा।

विपक्ष पर लगाया लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित करने का आरोप
पदयात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के इतिहास में जब भी आपातकाल के माध्यम से जनता के अधिकारों को प्रभावित किया गया या तानाशाही थोपने का प्रयास हुआ, तब जनसंघ और भाजपा ने उसका विरोध किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में जनता से समर्थन नहीं मिलने के बाद विपक्ष अराजकता और भीड़तंत्र के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
ईवीएम और चुनावी परिणामों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
सांसद अग्रवाल ने कांग्रेस के चुनावी रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब लोकतंत्र और ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते। लेकिन जब जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों के पक्ष में जनादेश देती है, तब विपक्ष लोकतंत्र को खतरे में बताने लगता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यापारियों को नुकसान का मुद्दा भी उठाया
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के आंदोलनों और प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली के व्यापारियों को हुए आर्थिक नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के उपद्रव और अव्यवस्था के कारण दिल्ली में एक दिन की रैली से व्यापारियों को करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।


इसके विपरीत उन्होंने रायपुर में भाजपा की पदयात्रा को अनुशासित बताते हुए कहा कि सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक कार्यक्रम इस तरह आयोजित किया गया, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हैं।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं से सजग रहने का आह्वान
सांसद ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतंत्र की मर्यादाओं पर चोट करने का प्रयास होगा, भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उसका मुकाबला करेंगे।
मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, अखिलेश सोनी और रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




