BSP की कोमल मेहरा को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान, ‘एक्सीलेंस इन इंस्ट्रक्शनल लीडरशिप’ अवार्ड से हुईं सम्मानित…
ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 में मिली उपलब्धि, अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास में योगदान के लिए मिला सम्मान

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की सहायक महाप्रबंधक सुश्री कोमल मेहरा ने अपनी व्यावसायिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता से संयंत्र का गौरव बढ़ाया है। परियोजना-वाणिज्यिक विभाग में कार्यरत कोमल मेहरा को ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेंस इन इंस्ट्रक्शनल लीडरशिप’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान नई दिल्ली में ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ग्लोबल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स-2026 में प्रदान किया गया।

नेतृत्व, नवाचार और समावेशन पर हुआ मंथन
‘लीडरशिप बियॉन्ड बाउंड्रीज’ विषय पर आयोजित इस समिट में नेतृत्व, नवाचार, समावेशन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान भविष्य के नेतृत्व, नवाचार एवं समावेशन के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रणाली जैसे विषयों पर भी परिचर्चाएं आयोजित की गईं।
अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास में अहम योगदान
कोमल मेहरा सेल में अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास से जुड़ी गतिविधियों में लगातार योगदान देती रही हैं। उनके इस कार्य को विभिन्न स्तरों पर सराहना मिल चुकी है। उन्हें सेल के निदेशक (कार्मिक) द्वारा एसएचआरएम बेस्ट लर्नर अवार्ड तथा महिला दिवस-2026 के अवसर पर बेस्ट लर्निंग एम्बेसडर के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
इसके अलावा, ई-3 एवं ई-5 स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति परीक्षा की तैयारी के लिए व्यावसायिक संचार (बिजनेस कम्युनिकेशन) और परिवर्तन प्रबंधन (चेंज मैनेजमेंट) विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने के लिए उन्हें कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान) द्वारा प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया है।
उन्होंने सेल के ई-1 से ई-6 स्तर तक के अधिकारियों के लिए इन विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर उनकी व्यावसायिक दक्षता और कार्यक्षमता के विकास में योगदान दिया है।
2008 से सेल में दे रही हैं सेवाएं
वर्ष 2008 में सेल से जुड़ीं कोमल मेहरा वर्तमान में भिलाई इस्पात संयंत्र के परियोजना प्रबंधन, निविदा एवं अनुबंध प्रबंधन तथा क्रय संबंधी गतिविधियों से जुड़े दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। इसके साथ ही वे एंटी-ब्राइबरी मैनेजमेंट सिस्टम (ABMS) के लिए इंटरनल रिसोर्स पर्सन के रूप में भी कार्य कर रही हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं को मिलता है सम्मान
ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स के माध्यम से नेतृत्व, शिक्षा, उद्यमिता, कॉर्पोरेट उत्कृष्टता, स्वास्थ्य, सामाजिक प्रभाव, मीडिया एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
कोमल मेहरा को मिला यह सम्मान प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और संगठनात्मक क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




