छत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

विधायक ललित चंद्राकर ने रक्तदाताओं को किया सम्मानित, बोले—“स्वास्थ्य के साथ समाजसेवा का संगम है युवान फिटनेस सेंटर”…

युवान फिटनेस सेंटर के 7 साल पूरे, 33 यूनिट रक्तदान से मनाया स्थापना दिवस

रिसाली। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर आजाद मार्केट, रिसाली स्थित युवान फिटनेस सेंटर के 7वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सेंटर के सदस्यों ने 33 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।

विधायक ने युवान फिटनेस सेंटर के सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए रक्तदाताओं के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने वाला पुनीत कार्य भी है।

“एक यूनिट रक्त किसी परिवार के लिए उम्मीद की किरण”

रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए ललित चंद्राकर ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकता है। उन्होंने कहा कि युवान फिटनेस सेंटर स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ समाजसेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य के साथ समाजसेवा का संगम है युवान फिटनेस सेंटर।” सात वर्षों की यात्रा में संस्था ने युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी भूमिका निभाई है।

सात साल की यात्रा में सेवा का संकल्प

विधायक ने सेंटर के संचालक एवं संस्था प्रमुख धर्मेन्द्र भगत की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि वे निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कामना की कि युवान फिटनेस सेंटर आने वाले समय में भी इसी तरह प्रगति करे और स्वास्थ्य के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में अपना योगदान जारी रखे।

उन्होंने कहा कि राज्य की विष्णुदेव साय सरकार भी युवाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर प्रतिबद्ध है।

33 रक्तदाताओं का किया सम्मान

कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि 33 यूनिट रक्तदान रही। विधायक ललित चंद्राकर ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया और समाजहित में किए गए इस कार्य के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में संस्था प्रमुख एवं पार्षद धर्मेन्द्र भगत, रिसाली मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, रिसाली निगम नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, सतीश दुबे, संतोष चौधरी, आँचल यादव सहित बड़ी संख्या में युवान फिटनेस सेंटर के सदस्य उपस्थित रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button