दुर्ग

सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ₹45.18 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को बैतूल मध्यप्रदेश से गिरफ्तार…

दुर्ग संक्षिप्त विवरण

थाना भिलाई नगर क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी द्वारा दिनांक 10.03.2026 को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश संबंधी विज्ञापन देखा गया। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने वाले व्यक्तियों द्वारा स्वयं को निवेश एवं ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित संस्था का प्रतिनिधि बताकर अधिक लाभ का लालच दिया गया।

आरोपियों द्वारा प्रार्थी से पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश एवं मार्जिन राशि सहित अन्य शुल्क के नाम पर विभिन्न तिथियों में अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन राशि जमा कराई गई। प्रार्थी द्वारा कुल ₹45,18,998 जमा किए जाने के बाद जब राशि वापस मांगी गई, तो आरोपियों द्वारा क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन, टैक्स एवं अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की गई। इस पर प्रार्थी को साइबर ठगी का संदेह हुआ।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं उपलब्ध डिजिटल जानकारी का विश्लेषण करते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पहचान की गई तथा उसकी तलाश कर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता एवं ठगी की राशि के संबंध में विवेचना जारी है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश में अधिक लाभ का लालच देने वाले विज्ञापन के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को संबंधित संस्था का प्रतिनिधि बताया गया। इसके बाद प्रार्थी को विभिन्न शुल्क एवं निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। राशि वापस मांगने पर अतिरिक्त शुल्क एवं टैक्स के नाम पर पुनः राशि की मांग की गई।

घटना स्थल

ऑनलाइन माध्यम से फेसबुक एवं अन्य डिजिटल संचार माध्यमों के जरिए प्रार्थी से संपर्क कर साइबर ठगी की गई। राशि विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से जमा कराई गई।

आरोपी का नाम

1. विशाल नागले, उम्र 24 वर्ष, निवासी बैतूल, जिला बैतूल, मध्यप्रदेश।

जप्त सामग्री

1. बैंक की 01 चेकबुक।
2. 01 आधार कार्ड।
3. घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन।

सराहनीय कार्य

उक्त प्रकरण में थाना भिलाई नगर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं डिजिटल जानकारी का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना भिलाई नगर में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग, शेयर बाजार एवं निवेश में अधिक लाभ का लालच देने वाले सोशल मीडिया विज्ञापनों, व्हाट्सऐप संदेशों अथवा अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर राशि जमा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, संबंधित बैंक को सूचित करें तथा नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। साइबर अपराध की सूचना में देरी न करें, क्योंकि समय पर सूचना मिलने से राशि को सुरक्षित कराने एवं अपराध की जांच में सहायता मिलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button