भारी बारिश के बीच भिलाई निगम मुस्तैद, आयुक्त ने टीम के साथ किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण, युद्धस्तर पर जारी है नालों की सफाई

भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में हो रही लगातार भारी बारिश के मद्देनजर आम नागरिकों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय स्वयं अपनी तकनीकी और मैदानी टीम के साथ शहर के बड़े नालों और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का लगातार सघन निरीक्षण कर रहे हैं। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यकतानुसार भारी मशीनरी और वृहत कार्यबल को मैदान में उतारा गया है।
आयुक्त के निर्देशानुसार सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी एवं उनकी आपातकालीन टीमें लगातार क्षेत्र में मौजूद हैं। जलभराव की किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे शहर के हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
भारी बारिश के कारण नदी-नालों में बहकर आए कचरे और लकड़ियों को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। कोसानाला, तेलहा नाला, इन्दु आई.टी. नाला सहित शहर की अन्य छोटी-बड़ी नालियों में फंसे मलबे, लकड़ियों और कचरे को जेसीबी मशीनों तथा अतिरिक्त सफ़ाई कर्मियों (मानवबल) के माध्यम से तत्काल साफ किया जा रहा है, ताकि पानी की निकासी बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से हो सके।
सभी स्थानीय पार्षद अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय नजर आए, जिससे आपात स्थिति निर्मित न हो। निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति या जलभराव की सूचना तुरंत निगम के आपदा राहत प्रकोष्ठ या संबंधित जोन कार्यालय में दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




