भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी प्रकरण में एक और फरार आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 13 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26.05.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एच.आई.ए. हथखोज भिलाई में जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा एवं ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग लोड होना पाया गया।
मौके पर लोहे की प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री का बड़े पैमाने पर भंडारण पाया गया। साथ ही स्क्रैप की लोडिंग एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी भी मौके पर मौजूद थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
कार्यवाही के दौरान लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, जप्त की गई। साथ ही परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों एवं मशीनों सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई।
प्रकरण में पूर्व में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की सतत तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में एक अन्य फरार आरोपी तेजराम निषाद उर्फ दद्दू को पुलिस टीम द्वारा चिन्हांकित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले की विवेचना एवं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
▪️ घटना का कारण :
भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैप चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना एवं उसका अवैध परिवहन एवं विक्रय करना।
▪️ घटनास्थल :
ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नं. 18 ए/05, एच.आई.ए. हथखोज भिलाई एवं बीएसपी क्षेत्र।
▪️ आरोपी का नाम :
1. तेजराम निषाद उर्फ दद्दू, उम्र 35 वर्ष, निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग।
▪️ जप्त सामग्री :
1. लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम एवं स्क्रैप सामग्री।
2. परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी।
3. अन्य प्रकरणानुसार जप्त सामग्री।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना खुर्सीपार, एसीसीयू दुर्ग एवं विवेचना टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही, जिनके द्वारा सतत प्रयास कर फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि औद्योगिक सामग्री एवं स्क्रैप के अवैध क्रय-विक्रय अथवा परिवहन संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




