chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

बीएसपी के अग्निशमन कर्मियों के अदम्य साहस को मिला सम्मान; सेंट्रल फायर स्टेशन में 49 जांबाजों को किया गया सम्मानित…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र परिसर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में हाल के दिनों में घटित अग्नि दुर्घटनाओं पर सफलतापूर्वक नियंत्रण स्थापित करने तथा अत्यंत जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशनों को दक्षतापूर्वक संपन्न करने वाले अग्निशमन विभाग के 49 कर्मियों को सम्मानित करने हेतु सेंट्रल फायर स्टेशन के प्रशिक्षण सभागार में 16 मई 2026 को एक समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सतपथी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी बी. के. महापात्र के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह का उद्देश्य विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले अग्निशमन कर्मियों के साहस, समर्पण एवं पेशेवर दक्षता का सम्मान करना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी एस. बी. धवस, उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी जी. एस. एस. किरण सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी बी. के. महापात्र ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर छोटी-सी तकनीकी चूक अथवा सुरक्षा मानकों से विचलन भी गंभीर अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकता है, जिससे न केवल जान-माल की क्षति होती है बल्कि उत्पादन गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने सभी कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन एवं मानक कार्यप्रणालियों के पालन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

बीएसपी के अग्निशमन कर्मियों के अदम्य साहस को मिला सम्मान; सेंट्रल फायर स्टेशन में 49 जांबाजों को किया गया सम्मानित...

मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सतपथी ने अपने संबोधन में अग्निशमन कर्मियों द्वारा अत्यधिक तापमान एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शित साहस, त्वरित कार्रवाई एवं पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल प्रतिक्रिया तक सीमित न होकर रोकथाम आधारित दृष्टिकोण पर भी समान रूप से केंद्रित होनी चाहिए।

उन्होंने सभी कर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) का उपयोग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक अग्नि दुर्घटना का विस्तृत विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में कार्य करने पर बल दिया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट साहस एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले सभी 49 अग्निशमन कर्मियों को सम्मान स्वरूप ‘सेलम स्टील’ से निर्मित उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विभागीय टीम भावना, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम बना।

कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी एस. बी. ढवस ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि अग्निशमन सेवा पूर्णतः टीम वर्क पर आधारित कार्य है, जिसमें प्रत्येक सदस्य की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षित कार्य दृष्टिकोण, पारस्परिक विश्वास एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button