ठेका कर्मियों के मेधावी बच्चों को मिला ‘प्रोत्साहन’, 180 विद्यार्थियों को ₹13.80 लाख के पुरस्कार…
भिलाई इस्पात संयंत्र की पहल से शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा ठेका कर्मियों के मेधावी बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘प्रोत्साहन–प्रतिभा सम्मान समारोह 2024-25’ का आयोजन 25 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार रहे।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) ए.बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन–औद्योगिक संबंध एवं ठेका श्रमिक प्रकोष्ठ) राजीव कुमार तथा महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी, ओ.ए. पदाधिकारी एवं सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, एससी/एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी, मीडियाकर्मी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक भी शामिल हुए।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के गायन से हुई। अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। बीएसपी इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-6 के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
स्वागत भाषण में महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) ए.बी. श्रीनिवास ने ‘प्रोत्साहन’ योजना के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऐसे ठेका श्रमिकों के बच्चों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने पिछले दो वर्षों में कम से कम तीन माह की सेवा अवधि पूरी की है और कक्षा 8वीं, 10वीं तथा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस वर्ष पुरस्कार के लिए टाउनशिप क्षेत्र से 260 और माइंस क्षेत्र से 22 आवेदन प्राप्त हुए।
180 विद्यार्थियों को मिली ₹13.80 लाख की राशि
सत्र 2024-25 में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5,000, ₹8,000 और ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
समारोह में कुल 180 चयनित विद्यार्थियों को ₹13,80,000 की पुरस्कार राशि वितरित की गई। इनमें टाउनशिप क्षेत्र के 55 विद्यार्थी कक्षा 8वीं, 54 विद्यार्थी कक्षा 10वीं और 55 विद्यार्थी कक्षा 12वीं से शामिल रहे। इसके अलावा माइंस क्षेत्र के 16 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
‘प्रोत्साहन’ विद्यार्थियों को लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देता है
मुख्य अतिथि पवन कुमार ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के योग्यता पुरस्कार विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों से आगे बढ़कर बेहतर प्रदर्शन करने और अपने जीवन के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने तथा भिलाई की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘प्रोत्साहन’ कार्यक्रम को ठेका कर्मियों के मेधावी बच्चों के लिए बीएसपी प्रबंधन की अभिनव और सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से प्रबंधन की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है। यह पहल विद्यार्थियों के वर्तमान को मजबूत करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की राह भी तैयार कर रही है।
विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव
सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में भावना यादव और तन्मय राउत (कक्षा 12वीं) तथा विधि लोधी (कक्षा 10वीं) ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए बीएसपी प्रबंधन का आभार जताते हुए इसे शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए प्रेरणादायी बताया।
समारोह के समापन पर महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे ने अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले शिक्षकों, अभिभावकों और मार्गदर्शकों को भी धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका, एसएसएस सेक्टर-10 रश्मि मिश्रा और वरिष्ठ शिक्षिका, बीएसपी इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल सेक्टर-9 महुआ चटर्जी ने किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com







