bhilai-steel-plantछत्तीसगढ़दुर्ग

ईओटी क्रेन संचालन में सुरक्षा और कौशल को धार, 28 संविदा कर्मियों ने लिया आरपीएल प्रशिक्षण…

चार दिवसीय कार्यक्रम में क्रेन संचालन, सुरक्षा जांच और रखरखाव की दी गई व्यावहारिक जानकारी

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-लर्निंग एवं डेवलपमेंट विभाग द्वारा संविदा कर्मियों के कौशल विकास और कार्य-दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (आरपीएल) के तहत ईओटी (इलेक्ट्रिक ओवरहेड ट्रैवलिंग) क्रेन संचालन पर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 19 से 22 अगस्त 2026 तक एचआर-एलएंडडी सेंटर में चले इस प्रशिक्षण में 28 संविदा कर्मियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में ईओटी क्रेन के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन से जुड़े प्रतिभागियों के पूर्व ज्ञान और कार्य-कौशल को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में क्रेन के विभिन्न प्रकार, प्रमुख घटक, संचालन प्रक्रिया, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रावधान तथा संचालन से पहले किए जाने वाले निरीक्षण और रखरखाव से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

ईओटी क्रेन संचालन में सुरक्षा और कौशल को धार, 28 संविदा कर्मियों ने लिया आरपीएल प्रशिक्षण...

सुरक्षा जांच पर विशेष जोर

प्रशिक्षण के दौरान क्रेन संचालन शुरू करने से पहले आवश्यक सुरक्षा एवं परिचालन जांच की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ब्रेक, लिमिट स्विच, सुरक्षा संकेतक उपकरण और लुब्रिकेशन प्वाइंट्स की कार्यशीलता जांचने के तरीकों से अवगत कराया गया।

इसके साथ ही नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव के जरिए संभावित तकनीकी और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करने तथा क्रेन के सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

आरपीएल के तहत अब तक 78 संविदा कर्मी प्रशिक्षित

भिलाई इस्पात संयंत्र की आरपीएल पहल का उद्देश्य संविदा कार्यबल के पूर्व अर्जित ज्ञान एवं अनुभव को संरचित प्रशिक्षण के माध्यम से और विकसित करना है। इसके तहत कुल 120 संविदा कर्मियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इससे पहले आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 50 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका था। वर्तमान ईओटी क्रेन प्रशिक्षण में 28 कर्मियों की सहभागिता के बाद आरपीएल पहल के अंतर्गत अब तक कुल 78 संविदा कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

सुरक्षित और दक्ष कार्यबल तैयार करने पर जोर

आरपीएल आधारित यह प्रशिक्षण पहल भिलाई इस्पात संयंत्र की कौशल विकास, कार्यस्थल सुरक्षा और कार्य-दक्षता बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके माध्यम से संविदा कर्मियों के अनुभव एवं मौजूदा दक्षताओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण से बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे अपने कार्यों का निष्पादन अधिक सुरक्षित, कुशल और प्रभावी तरीके से कर सकें।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button