गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, कीर्तन में हुए शामिल…
सेक्टर-6 गुरुद्वारे में मत्था टेककर लिया गुरु साहिब का आशीर्वाद, श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर दिया सेवा और भाईचारे का संदेश

भिलाई। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कीर्तन में शामिल होकर संगत के साथ बिताया समय
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र यादव शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धा भाव से कीर्तन एवं गुरु वाणी का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने संगत के बीच समय बिताया और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, समानता और सेवा का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने समाज को जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना और सभी को समान दृष्टि से देखना ही सच्ची मानवता है। गुरुद्वारे में सेवा, संगत और लंगर की परंपरा हमें आपसी सहयोग, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देती है।
विधायक ने कहा कि गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सिख समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




