chhattisgarhknowledgelifestyleछत्तीसगढ़दुर्गयूटिलिटी न्यूजलाइफस्टाइलविविध विषय

बिजली उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि लेना नया नियम नहीं, अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से है लागू…

छत्तीसगढ़ में 9 प्रतिशत से भी कम उपभोक्ताओं से मांगी जा रही अतिरिक्त राशि, जमा सुरक्षा निधि पर मई के बिल में 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज लाभ दिया गया

दुर्ग। बिजली उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि (डिपॉजिट मनी) लेने को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी के अनुसार, विद्युत उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि लेने का प्रावधान नया नहीं है, बल्कि यह अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के समय से लागू है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के निर्धारित नियमों के तहत प्रतिवर्ष अक्टूबर माह में उपभोक्ताओं की पिछले 12 महीनों की बिजली खपत के आधार पर इसकी गणना की जाती है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि बिजली खपत का शुल्क या अतिरिक्त बिजली बिल नहीं है, बल्कि यह उपभोक्ता की जमा जमानत राशि है। इस राशि पर उपभोक्ताओं को ब्याज भी दिया जाता है। बीते वर्ष इस मद में कुल 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज उपभोक्ताओं के बिजली बिल में समायोजित किया गया।

60 दिनों की औसत खपत के बराबर सुरक्षा निधि का प्रावधान

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के प्रावधान के अनुसार, उपभोक्ताओं को दो महीने यानी 60 दिनों की औसत विद्युत खपत के देयक के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखनी होती है। वितरण कंपनी उपभोक्ताओं की मासिक बिजली खपत का बिल अगले महीने जारी करती है। इसके बाद बिल जमा करने के लिए 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाता है।

इस पूरी प्रक्रिया में लगभग दो महीने का समय लग जाता है। इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों की औसत विद्युत खपत के देयक के बराबर सुरक्षा निधि का प्रावधान किया गया है।

केवल 9 प्रतिशत से भी कम उपभोक्ताओं से ली जा रही अतिरिक्त राशि

कंपनी के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं की वार्षिक बिजली खपत बढ़ जाती है, उन्हीं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जाती है। इसकी गणना पहले से जमा सुरक्षा निधि और निर्धारित राशि के बीच अंतर के आधार पर होती है।

इस वर्ष प्रदेश के 67.57 लाख विद्युत उपभोक्ताओं में से केवल 6 लाख 18 हजार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जानी है। यानी प्रदेश के 9 प्रतिशत से भी कम उपभोक्ताओं पर ही यह राशि लागू हो रही है।

सुरक्षा निधि पर मिलता है ब्याज, मई के बिल में 188.53 करोड़ रुपये समायोजित

अतिरिक्त सुरक्षा निधि पर उपभोक्ताओं को ब्याज दिया जाता है। कंपनी के अनुसार, इस वर्ष 5.75 प्रतिशत की दर से ब्याज प्रदान किया गया। मई महीने के बिजली बिल में ब्याज की कुल 188.53 करोड़ रुपये की राशि समायोजित कर उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिया गया।

यह राशि बैंक के बचत खाते में मिलने वाली ब्याज दर से अधिक बताई गई है। उपभोक्ता की बिजली खपत कम होने पर अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि बिजली बिल में समायोजित कर वापस भी की जाती है। वहीं, कनेक्शन स्थायी रूप से बंद होने पर बकाया देयकों का समायोजन करने के बाद जमा सुरक्षा निधि उपभोक्ता को लौटा दी जाती है।

किस्तों में भी जमा कर सकते हैं अतिरिक्त सुरक्षा निधि

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा निधि को किस्तों में जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध है। इसके लिए उपभोक्ता अपने संबंधित वितरण केंद्र में आवेदन कर सकते हैं।

उच्चदाब विद्युत उपभोक्ताओं के अनुरोध पर संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि किस्तों में जमा करने की सुविधा प्रदान कर सकते हैं।

कंपनी ने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि की गणना वार्षिक बिजली खपत और पहले से जमा सुरक्षा निधि के आधार पर की जाती है। इसका उद्देश्य बिजली बिल भुगतान की निर्धारित अवधि के दौरान वितरण कंपनी के हितों की सुरक्षा के साथ उपभोक्ताओं की जमा राशि पर ब्याज का लाभ उपलब्ध कराना है।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button