भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 ‘महामाया’ ने रचा इतिहास, 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा पार…
महज 3,208 दिनों में हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि, सेल की समान क्षमता वाली इकाइयों में सबसे कम समय में बनाया रिकॉर्ड

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने हॉट मेटल उत्पादन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। फर्नेस ने 15 नवंबर 2026 को 22 मिलियन टन संचयी हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा पार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की। यह सफलता फर्नेस की उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, तकनीकी दक्षता और कार्मिकों के समर्पित प्रयासों का प्रमाण है।
3,208 दिनों में हासिल किया ऐतिहासिक लक्ष्य
2 फरवरी 2018 को कमीशन किए गए ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने महज 3,208 दिनों में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ यह सेल की अन्य इकाइयों में समान क्षमता वाले फर्नेसों के मुकाबले सबसे कम समय में यह मुकाम हासिल करने वाला फर्नेस बन गया है।

महामाया ने उत्पादन की गति और परिचालन दक्षता का एक और उल्लेखनीय उदाहरण पेश किया। फर्नेस ने 21 मिलियन टन से 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन तक का सफर केवल 128 दिनों में पूरा किया। यह प्रदर्शन फर्नेस की निरंतर बेहतर कार्यक्षमता और उत्पादन क्षमता को दर्शाता है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) मनोज कुमार एवं मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) विवेक वर्मा ने ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी को बधाई दी। उन्होंने पूरी टीम के समर्पण, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्मिकों को भविष्य में भी उत्पादकता और परिचालन दक्षता में और सुधार लाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर कार्य निष्पादन का सिलसिला बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्मिकों की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
ब्लास्ट फर्नेस-8 महामाया की यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र की उत्पादन क्षमता और तकनीकी उत्कृष्टता को नई पहचान देती है। कम समय में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा पार करना संयंत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, बेहतर प्रबंधन और निरंतर सुधार की कार्यसंस्कृति को रेखांकित करता है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




