बीएसपी में ठेका श्रमिकों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी का आयोजन, 1030 श्रमिकों ने लिया भाग…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सुरक्षित कार्य व्यवहार एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय “सुरक्षा प्रश्नोत्तरी” का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र के अनुमोदन तथा कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का आयोजन संयंत्र के आयरन जोन, स्टील जोन, मिल जोन एवं सर्विस जोन में किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के कुल 1,030 ठेका श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 850 पुरुष एवं 180 महिला श्रमिक शामिल थे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों के सुरक्षा संबंधी ज्ञान का आकलन करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित कार्य पद्धतियों, संभावित जोखिमों तथा दुर्घटना निवारण के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रत्येक विभाग से तीन-तीन टीमों का चयन किया गया, जिसके पश्चात जोन स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी जोन की विजेता टीमों के मध्य आयोजित संयंत्र स्तरीय फाइनल में स्टील मेल्टिंग शॉप-2 की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन तथा प्लेट मिल की टीम संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रही।
पूरे प्रतियोगिता का संचालन सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग की महाप्रबंधक श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस तथा सहायक महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) हेमंत कुमार वर्मा द्वारा किया गया। वहीं, प्रश्नोत्तरी के संचालन में निमेश गुप्ता, अवनीश दुबे, अनील भावे, सुमित कुमार, आशुतोष प्रधान, एस.पी. सोनकर, सुनील शुक्ला, शशांक शर्मा, अभिषेक, नागेंद्र राव, सुशील भालेकर एवं तरुण दत्ता ने क्विज़ मास्टर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रतिभागी श्रमिकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने में सहायता मिलती है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किए जाने की अपेक्षा भी व्यक्त की।




