बीएसपी कर्मियों के मेधावी बच्चों के लिए आवेदन आमंत्रित…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए संयंत्र कर्मियों के मेधावी बच्चों को “मेधावी सम्मान पुरस्कार योजना” के अंतर्गत सम्मानित किए जाने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य कर्मियों के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।
यह योजना बीएसपी के नियमित एवं सेवारत कर्मियों के प्रत्यक्ष आश्रित बच्चों के लिए लागू है। इसके अंतर्गत बीएसपी तथा गैर-बीएसपी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए श्रेणी-1 में सीबीएसई बोर्ड में न्यूनतम 90 प्रतिशत तथा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य बोर्डों में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सीबीएसई, छत्तीसगढ़ बोर्ड तथा अन्य बोर्डों के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
श्रेणी-2 के अंतर्गत कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेरिट पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रथम से पाँचवें स्थान तक के विद्यार्थियों को क्रमशः 12,000 रुपये, 10,000 रुपये, 8,000 रुपये, 6,000 रुपये एवं 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि छठे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को 4,000 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रदान किए जाएंगे।
श्रेणी-3 में सीनियर सेकंडरी स्कूल-10 में कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए आयोजित टेन क्वेस्ट टेस्ट (टीक्यूटी) के आधार पर पुरस्कार दिए जाएंगे। कक्षा आठवीं में अध्ययनरत बीएसपी एवं गैर-बीएसपी विद्यालयों के कर्मियों के आश्रित इस श्रेणी के लिए पात्र होंगे। प्रथम से पाँचवें स्थान तक के विद्यार्थियों को 8,000 रुपये से 4,000 रुपये तक तथा छठे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
बीएसपी माइंस में कार्यरत कर्मियों के बच्चों के लिए भी पृथक पुरस्कार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इसके अंतर्गत श्रेणी-4 में कक्षा बारहवीं के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 15,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। श्रेणी-5 में कक्षा दसवीं के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 10,000 रुपये एवं 8,000 रुपये तथा श्रेणी-6 में टीक्यूटी के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 7,000 रुपये एवं 6,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी बीएसपी इंट्रानेट पर उपलब्ध निर्धारित आवेदन प्रपत्र में संबंधित कार्मिक अधिकारी से प्रमाणित आवेदन, अंकसूची की सत्यापित प्रति सहित भिलाई इस्पात संयंत्र सीनियर सेकंडरी स्कूल, सेक्टर-10, भिलाई में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।
कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की श्रेणियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्राचार्य, बीएसपी सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-10, श्रीमती सुमिता सरकार से संपर्क कर सकते हैं।




