भिलाई

बीएसपी की यूनिवर्सल रेल मिल ने किया जून-2026 में सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन, सर्वाधिक रेल प्रेषण एवं प्रथम तिमाही के सर्वोच्च उत्पादन का कीर्तिमान स्थापित

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) ने उत्पादन, गुणवत्ता एवं प्रेषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जून-2026 में 92,073 टन रेल ‘प्राइम प्रोडक्शन’ दर्ज कर विभाग के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन हासिल किया। उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सल रेल मिल ने इससे पूर्व मई-2026 में भी मासिक उत्पादन का नया रिकॉर्ड स्थापित किया था।

उत्पादन के साथ-साथ प्रेषण के क्षेत्र में भी यूनिवर्सल रेल मिल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। जून-2026 के दौरान 260 मीटर रेल के 94 रेकों के माध्यम से कुल 89,059 टन रेल का सफल प्रेषण किया गया, जो विभाग के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ मासिक रेल प्रेषण है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में विभाग ने 2,44,028 टन रेल ‘प्राइम प्रोडक्शन’ दर्ज कर अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ तिमाही उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया। तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में भी विभाग ने जून-2026 में 97.1 प्रतिशत ‘प्राइम एक्सेप्टेंस यील्ड’ प्राप्त कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ तकनीकी प्रदर्शन दर्ज किया।

इस उपलब्धि पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (संकार्य) तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक (विद्युत) टी. के. कृष्ण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) एच. के. सचदेव, मुख्य महाप्रबंधक (ऊर्जा प्रबंधन) मूर्ति, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा तथा उप महाप्रबंधक (राइट्स) कामराज ने शॉप फ्लोर पहुँचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने यूनिवर्सल रेल मिल तथा सहयोगी विभागों एवं राइट्स की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता उत्कृष्ट टीमवर्क, तकनीकी दक्षता तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन की प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए इसी समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं यूआरएम) योगेश शास्त्री ने इस उपलब्धि को विभाग की “सुरक्षा प्रथम” कार्य-संस्कृति, कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, नवाचार, संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग तथा सहयोगी विभागों के उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम बताया। उन्होंने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों एवं सभी सहयोगी विभागों के प्रति उनके निरंतर सहयोग एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यूनिवर्सल रेल मिल भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के नए आयाम स्थापित करती रहेगी।

कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम) शिशिर शुक्ला ने इस उपलब्धि का श्रेय संपूर्ण यूआरएम टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं उत्कृष्ट समन्वय को देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर सी एंड आईटी, आरसीएल, टी एंड डी सहित सहयोगी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, यूनिवर्सल रेल मिल के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button