chhattisgarhछत्तीसगढ़दुर्ग

आरडीएसएस योजना के तहत फीडर विभाजन से बिजली व्यवस्था सुदृढ़, लगभग 2500 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित…

दुर्ग/ आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल हुई है। इसी कड़ी में दिनांक 02 जून 2026 को कर्मचारी नगर उपकेंद्र से निकले दो महत्वपूर्ण 11 केवी फीडरों का विभाजन कर सफलतापूर्वक चार्ज किया गया।

इस तकनीकी सुधार से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में व्यापक सुधार होगा और उपभोक्ताओं को निरंतर तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। यह कार्य 44.13 लाख रुपए की लागत से पूर्ण किया गया। परियोजना के तहत कर्मचारी नगर उपकेंद्र से निकले 11 केवी आईएचएसडीपी फीडर को विभाजित कर नया 11 केवी ओम नगर फीडर तैयार कर चार्ज किया गया है।

इससे जवाहर नगर और बघेरा जोन के लिए अलग-अलग फीडर हो गए हैं, जो अब तक एक साथ संचालित हो रहे थे। इसी प्रकार 11 केवी करहीडीह फीडर का विभाजन कर नया 11 केवी ट्रांसपोर्ट नगर फीडर चार्ज किया गया है। इस विभाजन से डोमेस्टिक/कमर्शियल और इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए अलग-अलग फीडर उपलब्ध हो गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति में आ रही तकनीकी बाधाएं दूर होंगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री संजय खंडेलवाल ने कहा कि उक्त दोनों नए फीडरों के चार्ज होने से बघेरा और जवाहर नगर जोन के ओम नगर, उरला, आईएचएसडीपी कॉलोनी, सिकोला, बायपास रोड, धमधा रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, करहीडीह, बाफना गोल्फ कोर्स एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 2500 उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

फीडरों के अलग होने से भार का वितरण संतुलित होगा, जिससे वोल्टेज की समस्या दूर होगी और फॉल्ट की स्थिति में भी सीमित क्षेत्र प्रभावित होगा, जिससे फॉल्ट खोजने एवं सुधार कार्य में आसानी होगी। यह कार्य क्षेत्र के उपभोक्ताओं को एक बड़ी राहत प्रदान करेगा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button