मां दंतेश्वरी के दरबार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने टेका मत्था, जगदलपुर में केदार कश्यप और महेश कश्यप से की मुलाकात…
बस्तर प्रवास के दौरान विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा

रायपुर/जगदलपुर। रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल अपने बस्तर प्रवास के दौरान शुक्रवार रात जगदलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप से सौजन्य मुलाकात की। जगदलपुर सर्किट हाउस में हुई इस बैठक में बस्तर संभाग के विकास, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
सर्किट हाउस में विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा
जगदलपुर पहुंचने के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में बस्तर संभाग के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
इस अवसर पर जगदलपुर के महापौर संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। बृजमोहन अग्रवाल ने देर रात तक कार्यकर्ताओं से संवाद किया, उनका कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र में जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
शनिवार को सांसद बृजमोहन अग्रवाल शक्तिपीठ दंतेवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने आदिशक्ति मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, खुशहाली और बस्तरवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि मां की कृपा से बस्तर शांति और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बस्तर की पावन धरती को आस्था, समृद्ध संस्कृति और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए कहा कि मां के चरणों में आकर जनसेवा के लिए नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
आस्था और विकास के संदेश के साथ बस्तर प्रवास
बृजमोहन अग्रवाल का यह प्रवास धार्मिक आस्था के साथ बस्तर के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर भी रहा। जगदलपुर में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने दंतेवाड़ा पहुंचकर मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




