रोशनी, संगीत और नृत्य के संग मंच पर उतरी ‘नमो सेवा गाथा’, भिलाई में दिखी सेवा से राष्ट्र निर्माण तक की झलक…
कला मंदिर में रोशनी और संगीत कार्यक्रम ने बांधा समां, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के प्रसंगों की हुई भावपूर्ण प्रस्तुति


कला और संगीत के जरिए सामने आई सार्वजनिक जीवन की यात्रा
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल से जुड़े विभिन्न पड़ावों को नृत्य, संगीत, प्रकाश और अभिनय के माध्यम से दर्शाया गया।

मंच पर बदलती रोशनी और संगीत के साथ कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने प्रस्तुति को प्रभावशाली स्वरूप दिया। अलग-अलग प्रसंगों के माध्यम से सेवा, संवेदनशीलता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विकास की भावना को उभारा गया।
गुजरात भूकंप से कोविड काल तक के प्रसंगों की प्रस्तुति
‘नमो सेवा गाथा’ में गुजरात भूकंप के दौरान सहायता, कोविड काल में राहत के प्रयास, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई और नक्सल उन्मूलन जैसे विषयों को शामिल किया गया।

इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे प्रमुख घटनाक्रमों को भी मंचीय प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया। कलाकारों ने इन प्रसंगों को रोशनी, संगीत और नृत्य के माध्यम से दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया।
विकसित भारत 2047 का संकल्प भी बना आकर्षण
कार्यक्रम में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। आपदा के समय सहायता और संवेदनशीलता से लेकर देश की सुरक्षा तथा विकास की आकांक्षाओं तक की यात्रा को एक सूत्र में पिरोया गया।

प्रस्तुति का केंद्रीय संदेश जनसेवा की भावना को मजबूत करने और देश के विकास में नागरिकों की सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
छत्तीसगढ़ में सुशासन और जनकल्याण की झलक
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों की झलक भी प्रस्तुत की गई।

इस हिस्से में राज्य में जनकल्याण और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को कलात्मक रूप से दर्शाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए ‘नमो सेवा गाथा’ को सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ा प्रेरणादायी कार्यक्रम बताया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन उपस्थित रहे।

इसके अलावा खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, वरिष्ठ नागरिक सुरेन्द्र कौशिक और पुरुषोत्तम देवांगन सहित अन्य गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और नगरवासी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
‘नमो सेवा गाथा’ की प्रस्तुति ने कला के माध्यम से जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के विचारों को दर्शकों तक पहुंचाया। रोशनी, संगीत और नृत्य के समन्वय ने कार्यक्रम को यादगार स्वरूप दिया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




