बीरा जी के अंगना में सजा तीज का रंग, खेल और सम्मान से खिला मातृशक्ति का उत्सव…
सर्व हिन्दू महिला समाज के आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, तीज क्वीन प्रतिभागियों को अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने किया सम्मानित

भिलाई। सावन की हरियाली और तीज की उमंग के बीच कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में सर्व हिन्दू महिला समाज के तत्वावधान में तीज मिलन समारोह का आयोजन उल्लास और आत्मीयता के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने सजधजकर हिस्सा लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं उत्साह का प्रदर्शन किया।
समारोह में मातृशक्ति और महिलाओं के बीच आत्मीय भेंट-मुलाकात तथा संवाद का दौर चला। पारंपरिक तीज उत्सव की खुशियों के बीच आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रीमती कुलवंत कौर, श्रीमती दिव्या भसीन, भाजपा महिला मोर्चा भिलाई की अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पूर्व महापौर नीता लोधी, भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा सदस्य कन्हैया सोनी, महिला मोर्चा सदस्य प्रमिला दुबे, ओबीसी मोर्चा सदस्य तुलसी साहू, लता ऋषि चंद्राकर, अरुणा संजय फाटे तथा वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद अंजू सिन्हा सहित अनेक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रश्नोत्तरी में दिखा महिलाओं का उत्साह
तीज मिलन समारोह के दौरान प्रश्नोत्तरी खेल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ महिलाओं की सहभागिता और प्रतिभा को भी मंच मिला।
‘तीज क्वीन’ का हुआ सम्मान
आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘तीज क्वीन’ सम्मान समारोह रहा। सजधजकर पहुंची महिलाओं में से चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने तीज क्वीन प्रतिभागियों का सम्मान किया और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने के साथ-साथ एक-दूसरे से संवाद और मेलजोल का अवसर भी प्रदान करते हैं। पूरे आयोजन में तीज की पारंपरिक खुशियों और महिलाओं के उत्साह का रंग देखने को मिला।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com












