
भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जन्मदिन 23 अगस्त को है। इससे एक दिन पहले भिलाई के एक निजी होटल में उनके जन्मदिन का समारोह उत्साह के साथ आयोजित किया गया। युवक कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर केक काटकर और बाइक रैली निकालकर जन्मदिन मनाया। निजी होटल में कांग्रेस नेता अतुल चंद्र साहू, महेश जायसवाल, हेमंत सोनी और उनकी टीम ने कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व विधायक बीडी कुरैशी, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, युवा ट्रांसपोर्टर एवं समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस सेवा दल के प्रमुख जेआर साहू और कार्यकर्ताओं ने गांधी टोपी पहनाकर भूपेश बघेल का अभिनंदन किया।
मनमोहन सिंह की नीतियों का किया उल्लेख
मीडिया से चर्चा में बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उदारीकरण और औद्योगिक नीतियों ने मंदी के दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था को संभालने में भूमिका निभाई। उन्होंने सूचना का अधिकार और मिड-डे मील जैसी योजनाओं को कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मजदूरों, किसानों और दलितों के हितों का हमेशा ध्यान रखा है। राहुल गांधी भी देश में आम जनता के मुद्दों और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार के दौर में आम लोगों का जीवन कठिन हुआ है।

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा पर भी टिप्पणी
भिलाई के सिविक सेंटर में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कथा के माध्यम से पैसा जुटाया जा रहा है और कहा कि जिन लोगों की पर्चियां निकाली जा रही हैं, उनके जीवन में वास्तव में कितना बदलाव आया, यह वही लोग बेहतर बता सकते हैं।
“अगली सरकार कांग्रेस की होगी”
छत्तीसगढ़ में आगामी समय में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए बघेल ने कहा कि यह सरकार उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि कांग्रेस की होगी। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के युवाओं से संवाद की बात का भी जिक्र किया और केंद्र सरकार पर संसद में विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया।

उन्होंने महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बिजली, पेट्रोल, चीनी और खाद्य तेल महंगे हो गए हैं, जबकि रोजगार का संकट बना हुआ है।
“कलेक्टर जनता का नौकर है”
बेमेतरा जिले में स्कूली बच्चों के अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने का उल्लेख करते हुए बघेल ने कहा कि “कलेक्टर जनता का नौकर है।” उन्होंने कहा कि युवाओं की ताकत के सामने सरकार को झुकना पड़ेगा।
बघेल ने युवाओं को लेकर कहा कि 20 वर्ष के युवा का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने दावा किया कि डर का माहौल अब समाप्त हो रहा है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
राम मंदिर और भाजपा पर लगाए आरोप
बघेल ने राम मंदिर निर्माण को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने मंदिर निर्माण में कथित कमीशनखोरी और चंदे से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने से बचती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने का सवाल भी उठाया।
उन्होंने भाजपा, आरएसएस और बजरंग दल को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की और कहा कि युवाओं को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब युवा इन बातों से प्रभावित नहीं हो रहे हैं।
अतुल साहू और टीम की जमकर तारीफ
कार्यक्रम के अंत में बघेल ने जन्मदिन समारोह के आयोजक अतुल चंद्र साहू और उनकी पूरी टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने आयोजकों की पीठ थपथपाते हुए कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह में केके झा, धर्मेंद्र यादव, ऋषभ जैन, लक्ष्मीपति राजू, सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी, सुभद्रा सिंह, नेहा साहू, फतेह सिंह भाटिया, संदीप भाटिया, दीपक भाटिया, शमशेर सिद्दीकी, दुर्गेश ताम्रकार, मेरिक सिंह, शिखा रॉय, राजेंद्र साहू, गिरी राव, अजय मिश्रा, मल्कीत सिंह लल्लू, अनिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com




