madhya-pradeshमध्यप्रदेश

डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल का बड़ा फैसला! बसामन मामा गौवंश वन्य विहार बनेगा मॉडल सेंटर, प्राकृतिक खेती और ‘पीपल कॉरिडोर’ पर फोकस…

रीवा/ उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार पुर्वा के प्रशासनिक भवन में बैठक कर वन्य विहार की अधोसंरचना निर्माण, प्रबंधन, संचालन और परिसर में हो रही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती का कार्य प्रधानमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।

इसलिए बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में प्राकृतिक खेती को और अधिक बढ़ावा देने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाए और इस कार्य में निरंतरता बनाए रखी जाए। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वन्य विहार परिसर में उत्पादित होने वाली प्राकृतिक सब्जियां, मूंग, चावल और गेहूं सहित सभी प्रकार की सामग्रियों की उचित ब्रांडिंग की जाए और बाजार में इनकी मार्केटिंग कराई जाए।

प्राकृतिक खेती के प्रोडक्शन को रफ्तार देने के लिए नियमानुसार प्रोडक्शन मैनेजर और अन्य आवश्यक पदों पर सही तरीके से भर्ती प्रक्रिया कराई जाए। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में व्यवस्थाओं को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री ने समिति बनाने के निर्देश दिए, जिसमें शासकीय और अशासकीय दोनों प्रकार के सदस्यों को शामिल किए जाने के लिए कहा तथा इस समिति की बैठक हर महीने अनिवार्य रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने बसामन गौवंश वन्य विहार में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए टीन शेड, पेवर ब्लॉक सहित अन्य सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। गौ संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण की शुद्धता को बढ़ावा देने के लिए उपमुख्यमंत्री ने बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग के मोड़ से लेकर बसामन मामा गौवंश वन्य विहार तक के पूरे रास्ते पर शीघ्र ही पीपल के पेड़ों का वृक्षारोपण कराया जाए।

पीपल का पेड़ सर्वाधिक ऑक्सीजन देने और घनी छाया के लिए जाना जाता है, जिससे आने वाले समय में यह पूरा मार्ग हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल नजर आएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौवंश की सेवा और पर्यावरण का संरक्षण, दोनों ही हमारी संस्कृति के मूल आधार हैं। बसामन मामा वन्य विहार को एक आदर्श परिसर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां हरियाली और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

बैठक में पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, अन्य पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष राजेश यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, एसडीओ फॉरेस्ट हितेश खंडेलवाल, डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्राकृतिक खेती फसलों का अवलोकन कर सराहा -उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने परिसर में पूर्णतः प्राकृतिक रूप से उगाई गई सब्जियों को देखा। उन्होंने वहां उपजीं लौकी और तरोई जैसी प्राकृतिक सब्जियों की गुणवत्ता की सराहना की।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बिना रासायनिक खाद के तैयार की जा रही ये सब्जियां सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं। गौ शेड का किया निरीक्षण, स्वच्छता पर विशेष जोर देने के दिए निर्देश -उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वन्य विहार परिसर में चल रही विभिन्न गतिविधियों और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने गौमाता के रहने के लिए बनाए गए विभिन्न शेडों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश के रख-रखाव और उनके चारे-पानी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पूरे वन्य विहार परिसर में सफाई, स्वच्छता और सुंदरता को हर हाल में बनाए रखा जाए। गौवंश को एक बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिले, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश -उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार परिसर में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति और जीव संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए सभी से पर्यावरण को सहेजने की अपील की।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button