भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र में एकीकृत सेफ्टी सर्किल प्रतियोगिता ‘सुरक्षा-2026’ का आयोजन

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग (एसईडी) द्वारा दो दिवसीय एकीकृत सेफ्टी सर्किल (आईएससी) प्रतियोगिता ‘सुरक्षा-2026’ का शुभारंभ 27 जून 2026 को मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडीडी) के सभागार में किया गया। यह प्रतियोगिता 27 एवं 29 जून 2026 को आयोजित की गई। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्षेत्र में कर्मचारियों की सहभागिता, नवाचार तथा सतत सुधार को प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) बी. के. बेहरा ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सुरक्षा कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है तथा सुरक्षित एवं दुर्घटनारहित कार्यस्थल के निर्माण के लिए नवाचार आधारित प्रयासों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसके पश्चात अजय टल्लू ने उपस्थित प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) डी. सत्पथी ने भिलाई इस्पात संयंत्र में एकीकृत सेफ्टी सर्किल गतिविधियों की प्रगति पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में 35 टीमों से प्रारंभ हुई यह पहल वर्ष 2025 में बढ़कर 83 टीमों तक पहुंची तथा ‘सुरक्षा-2026’ के लिए कुल 47 केस स्टडी प्राप्त हुईं, जो संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति के प्रति कर्मचारियों की बढ़ती सहभागिता का परिचायक हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता का मूल्यांकन तीन चरणों में किया जाएगा।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 20 सेफ्टी सर्किल टीमों ने चार मूल्यांकन पैनलों के समक्ष अपने केस स्टडी प्रस्तुत किए। प्रत्येक पैनल में दो विशेषज्ञ निर्णायक शामिल थे। प्रस्तुतियों में कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान, दुर्घटना की संभावनाओं में कमी तथा सुरक्षित कार्य प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने संबंधी विभिन्न नवाचारी पहलें प्रस्तुत की गईं।

प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस 29 जून 2026 को 27 सेफ्टी सर्किल टीमों ने अपने केस स्टडी प्रस्तुत किए। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 47 केस स्टडी का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन उच्च स्तरीय एकीकृत सेफ्टी सर्किल प्रतियोगिताओं में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) डी. सत्पथी, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, निर्णायकगण, मेंटर्स, सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सेफ्टी सर्किल टीमों की उपस्थिति रही।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button