विशाल मेगा मार्ट के सामने देर रात बवाल: बाइक टक्कर के बाद युवकों पर डंडे-पत्थरों से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत विशाल मेगा मार्ट के सामने वाहन टक्कर के बाद हुए विवाद में मारपीट करने वाले आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14.05.2026 को रात्रि लगभग 11:30 बजे प्रार्थी अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से होटल से खाना खाकर अपने घर वापस जा रहा था।
इसी दौरान विशाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी लोकेश्वर साहू द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए प्रार्थी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर गए। घटना के बाद आरोपी लोकेश्वर साहू, अंकित परगनिहा, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन एवं एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा एक राय होकर प्रार्थी तथा उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई तथा डंडा एवं पत्थर से हमला कर मारपीट की गई।
घटना में प्रार्थी के सिर, आंख एवं कंधे में चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य व्यक्तियों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट की गई। मारपीट की घटना के दौरान बीच-बचाव कर रहे शकील खान निवासी केलाबाड़ी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसका उपचार जारी है। मामले की सूचना प्राप्त होते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 279/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 109 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में आरोपी –
1. अंकित परगनिहा, निवासी कसारीडीह वार्ड 44, दुर्ग।
2. ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन, निवासी बोरसी सुभाष चौक, दुर्ग।
3. लोकेश्वर साहू, निवासी बोरसी, थाना पद्मनाभपुर, दुर्ग।
4. एक विधि से संघर्षरत बालक।
सभी आरोपियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्यवाही की गई है तथा मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




