दीपावली पर भिलाई के बाजारों में रही चाक-चौबंद सुरक्षा, चेम्बर ने पुलिस प्रशासन का जताया आभार…
बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी से व्यापारियों व ग्राहकों ने सुरक्षित माहौल में मनाया त्योहार

भिलाई। दीपावली पर्व के दौरान भिलाई के प्रमुख बाजारों में बेहतर सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भिलाई इकाई ने पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित संपूर्ण पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। बाजारों में पुलिस की मुस्तैदी और व्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के चलते व्यापारियों एवं खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहकों ने राहत की सांस ली।
चेम्बर की मांग पर पुलिस प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
दीपावली से पहले बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चेम्बर ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने की मांग की थी।
चेम्बर की मांग पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता दिखाते हुए प्रमुख बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करवाई। साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
बाजारों में सुरक्षित माहौल, नहीं हुई अप्रिय घटना
पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं का सकारात्मक असर दीपावली के दौरान देखने को मिला। पूरे पर्व के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रही और यातायात भी व्यवस्थित बना रहा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। इससे व्यापारियों के साथ ही खरीदारी करने आए ग्राहकों को भी सुरक्षित एवं सहज वातावरण मिला और लोगों ने उत्साह के साथ त्योहार मनाया।
चेम्बर पदाधिकारियों ने की पुलिस की सराहना
चेम्बर अध्यक्ष गर्गी शंकर मिश्रा एवं प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों की मांग को गंभीरता से सुना और तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। यह सराहनीय पहल है।
चेम्बर की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, पुलिस अधिकारियों एवं सभी पुलिसकर्मियों का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।
चेम्बर ने उम्मीद जताई कि व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच इसी तरह आपसी समन्वय एवं सहयोग बना रहेगा। इससे शहर के बाजारों में सुरक्षा, व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




