इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में शेड का ताला तोड़कर बिजली वायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी प्रकाश कुमार मरकाम, उम्र 33 वर्ष, सहायक अभियंता, दुर्ग संभाग द्वारा थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास निगम के अंतर्गत इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में निर्मित शेड एफ-01 का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर लगा विद्युत बोर्ड क्षतिग्रस्त था। शेड में विद्युत कनेक्शन के लिए लगाए गए लगभग 350 मीटर बिजली वायर, जिसकी कीमत करीब ₹30,000 थी, अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 418/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी रवि राव उर्फ विठ्ठल को पकड़ा गया। पूछताछ एवं उसके कब्जे से प्राप्त सामग्री के आधार पर चोरी किए गए बिजली केबल बरामद किए गए।
आरोपी के कब्जे से दो सफेद प्लास्टिक बोरियों में लाल, पीला, काला, नीला एवं नारंगी रंग के 04 एमएम, 1.5 एमएम एवं 2.5 एमएम के बिजली केबल कई टुकड़ों में कटे हुए, कुल कीमत करीब ₹45,000, एक प्लास्टिक का लोमड़ी नुमा मुखौटा तथा वायर काटने का उपकरण गवाहों के समक्ष जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपी द्वारा इंजीनियरिंग पार्क के शेड में प्रवेश कर शटर का ताला तोड़ा गया, विद्युत कनेक्शन एवं वायर को काटकर अलग-अलग टुकड़ों में किया गया तथा चोरी की सामग्री को प्लास्टिक की बोरियों में रखकर ले जाया गया। पहचान छिपाने के लिए मुखौटे का उपयोग किया गया।
घटना स्थल
इंजीनियरिंग पार्क हथखोज, थाना पुरानी भिलाई, जिला-दुर्ग स्थित शेड एफ-01।
आरोपी का नाम
1. रवि राव उर्फ विठ्ठल, उम्र 28 वर्ष, निवासी बोन्कुलुरू, थाना वर्जपुकोतरू, जिला श्रीकाकुलम, आंध्रप्रदेश; वर्तमान पता तेजकोक कंपनी, दाऊ बस्ती, थाना खुर्सीपार, जिला-दुर्ग।
जप्त सामग्री
1. विभिन्न रंग एवं क्षमता के कई टुकड़ों में कटे बिजली केबल, कुल कीमत करीब ₹45,000।
2. एक प्लास्टिक का लोमड़ी नुमा मुखौटा।
3. वायर काटने का एक उपकरण।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा गया तथा चोरी की सामग्री बरामद कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील करती है कि अपने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना को दें। चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



