chhattisgarhछत्तीसगढ़राजनांदगांव

व्यापारी महाधिवेशन में स्वदेशी पर जोर, अजय भसीन बोले— “स्वदेशी अपनाकर ही भारत बनेगा आर्थिक महाशक्ति”…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, राजनांदगांव द्वारा आयोजित जिला स्तरीय व्यापारी महाधिवेशन का भव्य आयोजन पेंड्री स्थित राज इंपीरियल में संपन्न हुआ। महाधिवेशन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि, उद्योगपति एवं संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापार, उद्योग, जीएसटी, स्वदेशी अभियान एवं विकसित भारत 2047 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद संतोष पांडेय उपस्थित रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद ने सभी अतिथियों एवं व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह महाधिवेशन व्यापारियों को एक मंच पर लाकर संवाद, समाधान और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है।

महाधिवेशन में प्रदेश महामंत्री अजय भसीन का वक्तव्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा “आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी लगातार देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील कर रहे हैं। यदि देश का धन देश में रहेगा, भारतीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापारी मजबूत होंगे, तभी भारत वास्तविक रूप से आर्थिक महाशक्ति बनेगा।”

अजय भसीन ने आगे कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि लोग विदेशी ब्रांड और अनावश्यक विदेश निर्भरता से बाहर निकलकर भारतीय उत्पादों, भारतीय उद्योगों और स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा “स्वदेशी केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का आधार है। जब हम भारतीय उत्पाद खरीदते हैं, तब हम किसी व्यापारी की दुकान नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं।”

उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देकर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है। स्वदेशी व्यापारी मंच संगठन की ओर से अजय भसीन ने यह भी कहा कि देश के युवाओं को व्यापार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जीएसटी व्यवस्था पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा
“जो व्यापारी पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार कार्य कर रहे हैं, उन्हें किसी प्रकार से डरने की आवश्यकता नहीं है। कार्रवाई केवल उन लोगों पर होती है जो गलत तरीके अपनाते हैं।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारी हितों के संरक्षण एवं सरल व्यापारिक वातावरण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में व्यापारी वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों से संगठित होकर प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के माध्यम से ही समाज और प्रदेश मजबूत बनता है तथा सरकार व्यापारिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

महाधिवेशन में व्यापारिक समस्याओं, जीएसटी सरलीकरण, उद्योग विस्तार, डिजिटल व्यापार, स्थानीय बाजारों की चुनौतियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिले के अनेक व्यापारी प्रतिनिधि, उद्योगपति और चेंबर पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button