आज की ताजा खबर: छत्तीसगढ़ की छोटी-छोटी पर महत्वपूर्ण जानकारी…पढ़े पूरी खबर…

जेम पोर्टल से खरीदी हेतु प्रशिक्षण 05 एवं 06 जून को
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ भण्डार क्रय नियम-2002 (यथा संशोधित) के नियम-3 के उपनियम-3.1.1 के अधीन राज्य शासन के विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की शासकीय खरीदी जेम पोर्टल से किया जाना आवश्यक है। इसी परिक्षेप्य में दुर्ग संभाग स्तरीय प्रशिक्षण 05 एवं 06 जून 2025 को पूर्वान्ह 11 बजे से लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सभागार में आयोजित है। उक्त प्रशिक्षण में समस्त विभाग के अधिकारी अथवा लेखा, कार्य से संबंधित कर्मचारी को उपस्थिति सुुनिश्चित करने कहा गया है।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट हेतु 05 से 08 जून तक शिविर
दुर्ग/ हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट हेतु आर्डर के लिए शिविर का आयोजन 05 एवं 06 जून 2025 को इस्पात क्लब सेक्टर 04 भिलाई में और 07 एवं 08 जून 2025 को इस्पात क्लब सेक्टर 07 भिलाई में आयोजित की गई है। उक्त प्रस्तावित शिविर में अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर निर्धारित शुल्क जमा कर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट हेतु आर्डर किया जा सकता है।
परिवहन आयुक्त, कार्यालय नवा रायपुर एवं केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 एवं केन्द्रीय मोटरयान नियम 1989 के दिये गये प्रावधानों सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के साथ समय-समय पर जारी अन्य निर्देशों के अतिरिक्त माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के पालन में छत्तीसगढ़ में 01 अप्रैल 2019 के पूर्व के वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह लगाया जाना अनिवार्य किया गया है। शिविर स्थल में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाये जाने की कार्यवाही संबंधित कंपनी यथा रोस्मेर्टा सेफ्टी सिस्टम लिमिटेड के कर्मचारी उपस्थित रहकर करेंगें।
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन 05 जून को
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर समापन समारोह 05 जून 2025 को संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में पंत स्टेडियम, सेक्टर-01 में संध्या 5.00 बजे सम्पन्न होगा। इस अवसर पर संयंत्र के अन्य उच्च अधिकारीगण सहित विभिन्न खेलों के प्रतिभागी एवं प्रशिक्षक, शिक्षा विभाग के पीटीआई, विभागीय कार्यकर्ता एवं अन्य खेल प्रेमी भी उपस्थित रहेंगे।
ज्ञात हो कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा दिनांक 15 मई से 05 जून 2025 तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान 25 खेल परिसरों में अनुभवी प्रशिक्षकों (कोच) द्वारा लगभग 2600 बच्चों को 23 विभिन्न खेलों में प्रशिक्षित किया गया।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2024 में शामिल 23 खेलों, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉल बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाज़ी, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, टेनिस, वॉलीबॉल, योग, खो-खो, कबड्डी, पावरलिफ्टिंग, साइकिल पोलो, जिम्नास्टिक, नेटबॉल और फेंसिंग का विभिन्न खेल परिसरों, शालाओं के हाॅल एवं क्रीड़ागणों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र का क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं, सीएसआर तथा शिक्षा विभाग सक्रिय भूमिका अदा कर रहा है।
वर्ष 1976 से संचालित यह शिविर छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर है, जिससे अब तक हजारों बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं। अनेक प्रशिक्षित खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में बच्चे शिविर में भाग लेकर अपनी कला को तराश रहे है। यह शिविर न केवल खेल कौशल को निखारने का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देता है। शिविर में भाग लेने वाले बच्चों को प्रशिक्षण के साथ-साथ खेल सामग्री एवं आवश्यक उपकरण भी प्रदान किए जा रहे हैं। यह शिविर बच्चों को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु तैयार करता है।
भिलाई इस्पात संयंत्र में विश्व पर्यावरण दिवस 2025 पर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला, “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें –बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” थीम पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र सामूहिक द्वारा 05 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने और इस्पात बिरादरी एवं नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। वर्ष 2025 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें – बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” है, जो प्लास्टिक कचरे को कम करने और सतत विकल्पों को अपनाने की वैश्विक चुनौती को उजागर करती है।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर, बीएसपी कर्मचारी प्रातः 07.00 बजे वॉकथॉन में भाग लेंगे जो इस्पात भवन से प्रारंभ होकर इक्विपमेंट चौक से गुजरते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता का सन्देश देगी व एचआरडी केंद्र पर समाप्त होगी। पर्यावरणीय गतिविधियों के तहत नगर सेवाएँ विभाग के उद्यानिकी अनुभाग द्वारा सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर टाउनशिप के सेक्टर-8 में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 500 पेड़ों का रोपण किया जायेगा, जो पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और वायु की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक होंगे। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में संयंत्र बिरादरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित स्कूली छात्र-छात्राएं व नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा पर्यावरण दिवस के तहत पूरे जून माह में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों जैसे बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन थीम पर आधारित निबंध लेखन, चित्रकला, स्लोगन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, मानसून के दौरान वृक्षारोपण, प्लास्टिक उपयोग में कमी हेतु पोस्टर प्रदर्शन व वॉकथॉन कार्यक्रमों का आयोजन शॉप व विभागीय स्तर पर किया जायेगा। साथ ही इस श्रृंखला में नगर सेवाएँ विभाग व पर्यावरण प्रबंधन विभाग के सहयोग से प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति हेतु बाजार क्षेत्रों में अभियान, बीएसपी कैंटीनों में प्लास्टिक उन्मूलन हेतु एल एंड ए और पर्यावरण प्रबंधन द्वारा अभियान तथा ईएमडी, एलएंडडी व पर्यावरण प्रबंधन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पर्यावरण पर क्विज “क्वेस्ट” शामिल हैं।
पर्यावरण दिवस पर आयोजित वृक्षारोपण गतिविधियों के अंतर्गत संयंत्र के सिंटर प्लांट-2 व 3 में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जायेगा, जिसके तहत सिंटर प्लांट-2 में सुबह 10: 00 बजे वेस्ट टू यूटिलाइजेशन क्षेत्र में नीम, गुलमोहर, बांस, पीपल आदि छायादार प्रजातियों के 150 पौधे रोपित किये जायेंगे, वहीं सिंटर प्लांट-3 के उद्यान में शाम 04: 00 बजे 75 बांस व अन्य फलदार पौधों का रोपण किया जायेगा।
जागरूकता अभियानों की कड़ी में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक सिविक सेंटर क्षेत्र के शराब दुकानों, के पास पर्यावरण जागरूकता के लिए प्लास्टिक कचरों की सफाई अभियान चलाने के साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करने समझाईश भी दी जाएगी। पीएचडी विभाग अपने पालीथीन हटाओ अभियान के तहत टाउनशिप व सेक्टरों के दुकानों के वेंडर्स, सड़कों के किनारे लगे फलों और ठेले वालों को पोलीथिन का उपयोग कम करने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के विषय में जागरूक करेगा और पर्यावरण दिवस पर टाउनशिप में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करेगा।
उल्लेखनीय है कि इस कड़ी में भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2025 पर केन्द्रित एक विशेष ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 30 मई 2025 को भिलाई निवास में किया गया। इस प्रतियोगिता में भिलाई टाउनशिप के बीएसपी संचालित नौ विद्यालयों के कक्षा 1 से 12 तक के 210 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम पर अपने विचारों को व्यक्त किया।
05 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, (भारत) भिलाई लोकल सेंटर द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ प्लांट इंजीनियर्स, छत्तीसगढ़ चैप्टर के सहयोग से इंजीनियर्स भवन, सिविक सेंटर में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (खदान) बी के गिरी के मुख्य आतिथ्य में किया जायेगा, जो कि प्लास्टिक कचरे के बढ़ते वैश्विक संकट और इसके हानिकारक प्रभावों को कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई पर केन्द्रित है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




