बोरीगारका में 28 सितंबर से भक्ति की बहेगी बयार, सात दिन तक होगा श्रीराम कथा महोत्सव…
आचार्य युवराज पांडे करेंगे रामकथा का वाचन, ताम्रध्वज साहू ने आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरीगारका (पाऊवारा) में 28 सितंबर से धर्म और भक्ति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। धर्म ज्योति सनातन सेवा समिति, दुर्ग ग्रामीण के तत्वावधान में यहां सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और मर्यादा के प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।

कथा व्यास के रूप में गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध युवा संत आचार्य युवराज पांडे (आमली पदर वाले) कथा का वाचन करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार आचार्य युवराज पांडे अपनी ओजस्वी वाणी और सरल कथा शैली के लिए छत्तीसगढ़ में जाने जाते हैं।
बारिश के बीच श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा वाटरप्रूफ डोम
आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, ध्वनि व्यवस्था और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए जा रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि मौसम को देखते हुए व्यवस्थाओं को इस तरह तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
ताम्रध्वज साहू ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण
श्रीराम कथा की तैयारियों का जायजा लेने छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बोरीगारका पहुंचे। उन्होंने कथा स्थल पर चल रहे पंडाल निर्माण और मंच व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने धर्म ज्योति सनातन सेवा समिति के सदस्यों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा जैसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, संस्कार और धार्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ताम्रध्वज साहू ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने और कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।
समिति ने बताया ‘सनातन एकता का महापर्व’
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक कथा तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन एकता और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है। समिति ने ग्रामवासियों, नगरवासियों और धर्मप्रेमी लोगों से सपरिवार कथा स्थल पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, कमलेश गजपाल, योगनारायण गजपाल, वेदनारायण साहू, रामसिंह सोनबोइर, सरपंच बोरीगारका चुम्मन यादव, जागेश्वर साहू, राजेश साहू, गिरीश साहू, दुस्यंत साहू, दुलरवा सोनबेर, कुलेश्वर जांगड़े सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




